आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
ईरान में सैन्य परेड पर हमला, 24 की मौत
ईरान के दक्षिण पश्चिमी शहर अहवाज़ में सैन्य परेड के दौरान बंदूकधारियों ने हमला बोल दिया जिसमें 24 लोगों की मौत हो गई.
सरकारी मीडिया के मुताबिक इस हमले में आम लोगों समेत कम से कम 24 लोग मारे गए और 50 से अधिक घायल हुए हैं.
रिपोर्ट के मुताबिक हमले में मारे गए आधे से अधिक लोग ईरान के रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स के सदस्य थे.
ईरान की समाचार एजेंसी फार्स के मुताबिक हमला स्थानीय समय के मुताबिक सुबह नौ बजे शुरू हुआ और क़रीब दस मिनट तक गोलियां चलती रहीं. एजेंसी के मुताबिक ये माना जा रहा है कि हमले में चार लोग शामिल थे.
इस हमले में महिलाओं, बच्चों समेत कई नागरिकों की भी मौत हुई है. इरना समाचार एजेंसी के मुताबिक मृतक नागरिक इस परेड को देखने पहुंचे थे.
इरना समाचार एजेंसी के मुताबिक इस हमले में किसी भी पत्रकार की मौत नहीं हुई है.
रिपोर्ट में बताया गया है कि हमलावरों ने आमलोगों पर गोलियां चलाईं और मंच पर मौजूद सैन्य अधिकारियों को निशाना बनाने की कोशिश की.
हथियारबंद हमलावरों ने परेड के लिए बनाये गए मंच के पास एक पार्क से हमला किया. रिपोर्ट्स में बताया गया है कि पुलिस ने दो हमलावरों को मार गिराया जबकि दो अन्य गिरफ़्तार किए गए हैं.
ईरान के रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स के प्रवक्ता ने कहा कि यह हमला सुन्नी अलगाववादियों ने किया है. यह सैन्य परेड ईरान-इराक युद्ध की शुरुआत की 30वीं सालगिरह को मनाने के लिए आयोजित किया गया था.
हालांकि सरकार विरोधी अरब ग्रुप, अहवाज़ नेशनल रेसिस्टेंस और आईएस इस्लामिक स्टेट (आईएस) दोनों ने इस हमले की ज़िम्मेदारी ली है.
हमला जिस अहवाज़ शहर में हुआ है, वहां बीते साल लोगों के जीवन स्तर में आई गिरावट को लेकर सरकार के विरोध में प्रदर्शन हुए थे. अहवाज़ खुज़ेस्तान प्रांत में है, जिसमें अरबों का एक बड़ा समुदाय है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)