आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
अमरीकी राष्ट्रपति ट्रंप ने भारत को बताया 'टैरिफ़ किंग'
अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने भारत को "टैरिफ़ किंग" बताते हुए कहा है कि भारत 'उन्हें खुश करने' के लिए व्यापार समझौते पर बातचीत शुरू करना चाहता है.
अमरीकी राष्ट्रपति ट्रंप ने वाइट हाउस में कहा कि भारतीय अधिकारी चाहते हैं कि व्यापारिक समझौते को लेकर बातचीत जल्दी से जल्दी शुरू हो.
ट्रंप ने कहा कि वो भी चाहते हैं कि भारत 'तुरंत' अमरीका से बातचीत करे.
राष्ट्रपति ट्रंप ने अमरीकी बाइक हार्ले डेविडसन का उदाहरण देते हुए कहा कि उन पर सौ फ़ीसद की दर से आयात शुल्क लगाए जाने के बारे में जब उन्होंने भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात की तो उनका कहना था कि इस बारे में पहले किसी अमरीकी ने बात ही नहीं की और आयात शुल्क की दर कम करने का वादा किया.
ट्रंप ने ये भी कहा कि भारत ने अमरीकी मोटरसाइकिलों पर शुल्क की दर कम की है लेकिन ये काफी नहीं है.
भारत और मोदी के साथ अच्छे रिश्ते
हालांकि, उन्होंने ये भी कहा कि भारत और प्रधानमंत्री के साथ उनके रिश्ते बहुत अच्छे हैं.
ट्रंप ने कहा, "मेरे भारत के साथ रिश्ते उम्दा हैं. प्रधानमंत्री मोदी के साथ शानदार संबंध हैं. वो इस बारे में काम करेंगे."
ट्रंप के बयान पर अभी भारत की ओर से प्रतिक्रिया नहीं आई है.
इसके पहले भी ट्रंप प्रशासन अमरीकी उत्पादों पर भारत की ओर से ज़्यादा आयात शुल्क लगाए जाने का मुद्दा भी उठाता रहा है.
बीते कुछ दिनों में राष्ट्रपति ट्रंप भी कम से कम दो बार आरोप लगा चुके हैं कि भारत में अमरीकी उत्पादों पर बहुत अधिक आयात शुल्क है. वो ये चेतावनी भी दे चुके हैं कि अमरीका भी भारत से आने वाली वस्तुओं पर अधिक आयात शुल्क लगाएगा.
ट्रंप प्रशासन भारत और अमरीका के बीच व्यापार की खाई को कम करने के लिए भारत पर लगातार दबाव बनाता रहा है कि वो अमरीका से ज़्यादा सामान आयात करे.
अभी दोनों देशों के बीच व्यापार का अंतर करीब 25 अरब डॉलर का है.
ऐतिहासिक समझौता
अमरीकी राष्ट्रपति ने कनाडा और मेक्सिको के साथ हुए व्यापारिक समझौते को अमरीकी फैक्ट्रियों में काम करने वाले श्रमिकों के लिए 'नया सवेरा' बताया है.
उन्होंने कहा कि इस समझौते के जरिए अमरीका में हज़ारों नौकरियां वापस आएंगी.
साल 1994 में हुए नार्थ अमरीकन फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (नाफ्टा) की जगह लेने वाले अमरीका-मेक्सिको-कनाडा समझौते को ट्रंप ने 'ऐतिहासिक' बताया.
नए समझौते, जिसे ट्रंप 'यूएस एमसीए' कह रहे हैं, को उन्होंने 'अभी तक का सबसे अहम व्यापारिक समझौता' बताया.
अमरीकी राष्ट्रपति ट्रंप 'अमरीका फ़र्स्ट' की नीति की वकालत करते रहे हैं और उन्होंने चीन के ख़िलाफ 'ट्रेड वार' शुरू किया हुआ है. ट्रंप प्रशासन ने मेक्सिको और कनाडा से स्टील और एल्युमिनियम के आयात पर भी शुल्क लगाया.
ट्रंप ने कहा, "टैरिफ़ के बिना हम समझौते के बारे में बात नहीं कर रहे होते."
अमरीका, मेक्सिको और कनाडा के नेता नए समझौते पर नवंबर के आखिरी हफ़्ते के पहले दस्तख़्त कर सकते हैं.
समझौते पर अमरीका की ओर से बातचीत करने वाले रॉर्बट लाइटहाइज़र ने कहा कि वो मानते हैं कि अमरीकी कांग्रेस में इस समझौते को बहुमत से मंजूरी मिल जाएगी. इसकी वजह ये है कि ये समझौता सभी पक्षों के लिए लाभकारी है.
अभी चीन से बातचीत नहीं
चीन से व्यापारिक समझौते को लेकर बातचीत के मुद्दे पर ट्रंप ने कहा कि अभी ऐसा करना बहुत जल्दीबाजी होगा.
उन्होंने कहा, "चीन बातचीत के लिए बहुत बेचैन है... हम अभी बातचीत नहीं कर सकते हैं क्योंकि वो अभी तैयार नहीं हैं."
ट्रंप प्रशासन ने इस साल चीन पर तीन दौर में टैरिफ़ (आयात शुल्क) लगाया है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)