आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
मोदी के अर्जेंटीना पहुंचने पर मीडिया ने क्यों कहा 'अपु'
अर्जेंटीना के एक समाचार चैनल ने भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मज़ाक बनाते हुए उन्हें कार्टून शो द सिम्पसन के एक चरित्र 'अपु' के जैसा बताया.
प्रधानमंत्री मोदी अर्जेंटीना की राजधानी ब्यूनोस एयर्स में आयोजित हुए जी20 सम्मेलन हिस्सा लेने पहुंचे थे.
जब भारतीय प्रधानमंत्री मोदी का विमान ब्यूनोस एयर्स में लैंड हुआ तब अर्जेंटीना के एक समाचार चैनल क्रोनिका टीवी ने अपने कार्यक्रम में यह ख़बर प्रसारित करते हुए हेडलाइन चलाई, 'अपु आ गए' (APU ARRIVES).
चैनल से चलाई गई इस हेडलाइन के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने कड़ी प्रतिक्रियाएं दी हैं.
अपु नाहसापीमपेटिलॉन नामक किरदार साल 1990 में द सिम्पसन कार्टून शो का हिस्सा बना. इस किरदार को हैंक अज़ारिया अपनी आवाज़ देते थे जो कि एक भारीभरकम भारतीय लहज़े वाली आवाज़ थी.
पहले भी उठे सवाल
अपु नामक इस किरदार पर पहले भी सवाल उठाए जा चुके हैं. साल 2017 में एक भारतीय-अमरीकी स्टैंड अप कॉमिडियन हरि कोंडाबोलु ने एक डॉक्युमेंट्री बनाई थी जिसमें उन्होंने अपु को नस्लभेदी मानसिकता को बढ़ावा देने वाला किरदार बताया था.
हरि कोंडाबोलु ने उस समय बीबीसी को बताया था कि अपु नामक इस किरदार के साथ समस्या यह है कि इस किरदार को उसकी जॉब की वजह से पहचाना जाता है साथ ही यह भी बताया जाता है कि उसकी अरेंज मैरिज से उसके कितने बच्चे हुए हैं.
हालांकि कई लोगों ने इस शो का बचाव भी किया है और उनका तर्क रहा है कि इसके सभी किरदार मज़ाकिया ही रहे हैं.
क्रोनिका चैनल पर भारतीय प्रधानमंत्री को अपु बताए जाने पर हरि कोंडाबोलू ने ट्वीट किया है, ''यह सच नहीं हो सकता, है ना?''
इसके अलावा बाकी लोगों ने भी चैनल की आलोचना करते हुए लिखा है कि यह एक विदेशी नेता का अपमान है.
जी20, दुनिया के 20 सबसे अधिक औद्योगीकृत देशों का समूह है, जिसमें यूरोपीय संघ भी शामिल है. वैश्विक अर्थव्यवस्था का 85 प्रतिशत हिस्सा, जी20 समूह देशों के पास है. विश्व की दो तिहाई आबादी जी20 के सदस्य देशों में रहती है.
जी20 सम्मेलन के दौरान अर्जेंटीना की राजधानी ब्यूनस आयर्स की सड़कों पर विरोध प्रदर्शन भी हुए.
सम्मेलन से इतर, भारत, जापान और अमरीका के बीच पहली त्रिपक्षीय वार्ता भी हुई. वार्ता के बाद भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि जापान, भारत और अमरीका मिलकर जय (जेएआई) हो जाते हैं जो एक अच्छी बात है.
ये भी पढ़ेंः
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)