आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
मैक्सिको दीवार के लिए ट्रंप ने की फ़ंड की मांग
अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने मैक्सिको से लगने वाली सीमा पर दीवार बनाए जाने के लिए फ़ंड की मांग की है.
उन्होंने कहा है कि यह दीवार "बढ़ते मानवीय और सुरक्षा संकट" को रोकने के लिए ज़रूरी है.
टीवी पर अपने पहले संबोधन में ट्रंप ने राष्ट्रीय आपातकाल की घोषणा नहीं की. उन्होंने पहले यह धमकी दी थी कि ससंद दीवार पर सहमति नहीं जताएगा तो वो देश में आपातकाल लागू कर देंगे.
डेमोक्रेट सांसद इस दीवार का विरोध कर रहे हैं. उन्होंने देश के सरकारी बजट से इस दीवार के निर्माण के लिए पांच अरब डॉलर ख़र्च करने की मंज़रूी देने से इनकार कर दिया था.
ट्रंप के इस क़दम को, सरकार को दीवार बनाने के लिए ज़रूरी धन जारी करने के लिए विपक्ष पर दबाव बनाने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है.
ट्रंप ने ये भी कहा था कि सरकार का आंशिक कामकाज बंद करने के लिए वह तैयार हैं- अमरीका में कामबंदी का दौर तीसरे हफ्ते में प्रवेश कर गया है.
संघीय सरकार के लगभग आठ लाख कर्मचारी 22 दिसंबर से बिना वेतन के काम कर रहे हैं.
मंगलवार की रात टीवी पर आठ मिनट के अपने लाइव संबोधन में राष्ट्रपति ट्रंप ने सरकारी कामबंदी के लिए डेमोक्रेट्स को ज़िम्मेदार ठहराया.
उन्होंने सीमा पर स्थिति के बारे मे कहा, "यह एक मानवीय संकट है, दिल और आत्मा का संकट."
राष्ट्रपति ने कहा कि अमरीका में बेचे जाने वाले 90 फ़ीसदी हिरोइन मैक्सिको से आते हैं.
कामबंदी की वजह
कांग्रेस से बजट को वक़्त रहते मंज़ूरी नहीं मिली, क्योंकि राष्ट्रपति ट्रंप ने इस पर हस्ताक्षर करने से इनकार कर दिया था.
बजट पास ना होने की वजह से अमरीका आंशिक कामबंदी से जूझ रहा है.
22 दिंसबर से कामबंदी चल रही है. जिसकी वजह से एक चौथाई सरकार काम नहीं कर पा रही है. क़रीब आठ लाख कर्मचारी ऐसे हैं जो या तो छुट्टी पर हैं या बिना तनख्वाह के काम कर रहे हैं.
इन हालातों से निपटने के लिए सीनेट ने द्विदलीय समझौता करने की बात की, लेकिन ट्रंप ने दीवार की मांग ना माने जाने की वजह से बजट का समर्थन करने से फिर इनकार कर दिया.
रिपब्लिकन सांसदों के बहुमत वाले सदन में तो दीवार की फ़ंड से जुड़ा बिल पारित कर दिया गया, लेकिन 100 सीटों वाली सीनेट में उन्हें ज़रूरी 60 वोट नहीं मिले.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)