आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
कीनियाः नैरोबी के फ़ाइव स्टार होटल का बंधक संकट समाप्त
कीनिया के राष्ट्रपति उहुरू केन्याटा ने कहा है कि राजधानी नैरोबी में एक आलीशान होटल पर संदिग्ध चरमपंथियों का कब्ज़ा समाप्त हो गया है और हमलावरों को 'मिटा दिया गया है'.
मंगलवार को कुछ बंदूकधारियों ने शहर के वेस्टलैंड्स इलाक़े में स्थित डुस्टीडी-2 होटल और दफ़्तरों पर धावा बोला था जिसमें कम-से-कम 14 लोगों की मौत हो गई.
इस हमले की ज़िम्मेदारी सोमालिया के चरमपंथी समूह अल-शबाब ने ली है.
चश्मदीदों के मुताबिक हथियारों से लैस चार लोग होटल में दाखिल हुए और एक रेस्त्रां में पांच लोगों मौत हो हुई. अमरीकी राज्य विभाग के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक मारे गए लोगों में एक अमरीकी नागरिक शामिल है.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़ लगभग 30 ज़ख़्मी लोगों का इलाज नैरोबी के अस्पताल में चल रहा है.
पांच सितारा डुस्टीडी-2 होटल में 101 कमरे हैं. शहर के बिज़नेस सेंटर के बेहद पास स्थित इस कॉम्पेक्स में स्पा और कई रेस्त्रां भी हैं.
स्थानीय समयानुसार रात 11 बजे आतंरिक मंत्रालय सचिव फ़्रेड मटियांग ने बताया , ''इस कॉम्पलेक्स की सभी इमारतें अब सुरक्षित हैं. स्थिति अब हमारे क़ाबू में है. आतंकवाद हमें हरा नहीं सकता.''
इस बयान के लगभग एक घंटे बाद इलाके में गोलियों की आवाज़ सुनी गई.
कैसे हुआ हमला?
ये हमला स्थानीय समयानुसार दोपहर तीन बजे शुरू हुआ. बंदूकधारियों ने इमारत में प्रवेश से पहले कार पर्किंग में बम फेंके. कीनिया के चीफ़ पुलिस जोसेफ़ बोइनेट ने बताया कि यहां हमलावरों में से एक ने खुद को बम के साथ उड़ा लिया.
पास की इमारत में काम करने वाली एक महिला ने समाचार एजेंसी रायटर्स से कहा, "मैंने गोलियां चलने की आवाज़ सुनी, फिर हाथ ऊपर उठाए लोगों को भागते हुए देखा, कुछ लोग अपनी जान बचाने के लिए बैंक में घुस रहे थे."
धमाकों की आवाज़ भी सुनी गईं और कॉम्लेक्स से घना धुआं उठते हुए भी देखा गया है. पार्किंग में खड़े वाहनों में आग भी लग गई है.
हमले के फौरन बाद की तस्वीरें
हमले में फंसे रोन जेनो ने ट्वीट किया, "अगर मैं मारा गया तो ईश्वर को प्रेम करूंगा और मुझे विश्वास है कि मैं स्वर्ग में रहूंगा. कृपया मेरे परिवार से कहें कि मैं उन्हें बहुत प्यार करता हूं, कालेब, मार्क और कैरोल मैं तुम्हें बहुत प्यार करता हूं."
एक और ट्वीट में रोन ने बताया, "हम अभी भी बाथरूम में फंसे हुए हैं और इमारत में गोलियां चल रही हैं. हमारे लिए दुआ करें."
हालिया सालों में कीनिया में कई हमले की घटनाएं सामने आई हैं. ज़्यादातर हमले देश की राजधानी के सोमाली सीमा के क़रीब किए गए.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)