आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
बांग्लादेश: विमान हाईजैक करने वाले संदिग्ध को मारा गया
बांग्लादेश में एक विमान हाईजैक की कोशिश हुई है. स्थानीय मीडिया के मुताबिक़, ढाका से दुबई जा रहे विमान का अपहरण करने वाले संदिग्ध यात्री को बांग्लादेशी सुरक्षाबलों ने मार दिया है.
चटगांव में आपात लैंडिंग के बाद सुरक्षाबलों ने विमान पर धावा बोल दिया और संदिग्ध को मार दिया. संदिग्ध का कहना था कि उसके पास पिस्तौल है.
बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस की बीजी147 फ़्लाइट में क्रू समेत 148 लोग सवार थे जिन्हें सुरक्षित विमान से उतार लिया गया है.
यही अभी तक स्पष्ट नहीं है कि संदिग्ध ने विमान अपहरण का प्रयास क्यों किया था.
समाचार एजेंसी एएफ़पी के अनुसार, सैन्य अधिकारियों का कहना है कि संदिग्ध की उम्र तकरीबन 25 साल थी और थोड़ी देर की फ़ायरिंग के बाद उसे मृत पाया गया.
मेजर जनरल मोतिउर रहमान ने पत्रकारों से कहा, "हमने उसे गिरफ़्तार करने या उसे सरेंडर कराने की कोशिश की लेकिन उसने मना कर दिया और हमने उसे गोली मार दी."
उन्होंने कहा, "वह बांग्लादेशी है. हमने उसके पास से केवल एक पिस्तौल बरामद की है."
पहले आई रिपोर्टों में यह अनुमान लगाया गया था कि संदिग्ध मानसिक रूप से बीमार हो सकता है और उसने बांग्लादेश प्रधानमंत्री शेख़ हसीना से बात करने की मांग की थी. हसीना उस समय तटीय शहर चटगांव में थी.
एयरलाइंस अधिकारियों के हवाले से रॉयटर्स समाचार एजेंसी का कहना था कि विमान के स्टाफ़ ने शख़्स को संदिग्ध हरकत करते पाया था और उसका इरादा विमान अपहरण करने का था.
चटगांव में शाह अमानत अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट पर जब विमान उतरा तो उसे तुरंत खाली करा लिया गया और अधिकारियों ने संदिग्ध से बात करने की कोशिश की.
सोशल मीडिया पर शेयर की गई तस्वीरों में विमान के यात्रियों को हवाई पट्टी पर देखा जा सकता है.
इस विमान को रविवार की शाम ढाका से दुबई पहुंचना था.
ये भी पढ़ें:
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)