आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
चीन में 5जी नेटवर्क शुरू, कितने में मिल रहा है डेटा प्लान
चीन के मोबाइल ऑपरेटरों ने अपने देश के ग्राहकों के लिए 5जी सेवा की शुरुआत कर दी है. इसके साथ ही चीन ने वैश्विक स्तर पर तकनीक के मामले में एक बड़ी छलांग लगाई है.
चीन के सरकारी मोबाइल ऑपरेटर चाइना मोबाइल, चाइना यूनीकॉम और चाइना टेलीकॉम ने गुरुवार को अपने 5जी डेटा प्लान की घोषणा की.
यह घोषणा उस दौरान हुई है जब चीन और अमरीका के बीच ट्रेड और तकनीक के मामलों में लगातार टकराव हो रहा है.
चीन से पहले दक्षिण कोरिया, अमरीका और ब्रिटेन इस साल अपने देश में 5जी नेटवर्क की शुरुआत कर चुके हैं.
5जी पांचवीं जेनरेशन का मोबाइल नेटवर्क है. 5जी में इंटरनेट की गति बहुत तेज़ होने का दावा किया जाता है.
5जी के डेटा प्लान की कीमत
पहले चीन ने 5जी सेवा की शुरुआत अगले साल करने की बात की थी लेकिन फिर वे इसमें तेज़ी लाए और इसी साल से 5जी सेवा की शुरुआत कर दी.
यह सुपरफ़ास्ट सेवा चीन के 50 शहरों में शुरू हुई है, जिसमें बीजिंग और शंघाई शामिल हैं. चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिनहुआ के मुताबिक 5जी डेटा प्लान की कीमत 128 युआन (करीब 1300 रुपये) से लेकर 599 (करीब 6000 रुपये) युआन तक हैं.
चीन में 5जी सेवा शुरू करने के लिए नेटवर्क संबंधी उपकरणों की सबसे ज़्यादा सप्लाई ख्वावे कंपनी ने की है. यह कंपनी कई अन्य देशों में 5जी नेटवर्क स्थापित करने में भी अहम भूमिका निभा रही है.
गौर करने वाली बात है कि ख्वावे कंपनी को अमरीका ने ब्लैकलिस्ट किया हुआ है. अमरीका ने ख्वावे कंपनी पर सुरक्षा संबंधी ख़तरा बताया है.
ख्वावे ने खुद पर लगे तमाम आरोपों से इनकार किया है. चीन में भी अमरीका के इस कदम को ट्रेड वॉर के तौर पर देखा जाता है.
ये भी पढ़ेंः
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)