आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
चीन में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या 100 के पार पहुंची
चीन में कोरोना वायरस की चपेट में आकर मरने वालों की संख्या 100 के पार पहुंच चुकी है.
ख़ूबे प्रांत के प्रशासन के मुताबिक़, मंगलवार तक इस बीमारी से ग्रसित लोगों के 1300 नए मामले सामने आए हैं.
कोरोना वायरस के मामलों की संख्या बढ़ने के बाद प्रशासन ने चीन में प्रतिबंधों को कड़ा कर दिया है.
इसके साथ ही चीन सरकार ने अपने नागरिकों से विदेश यात्राएं नहीं करने का आग्रह किया है.
अमरीका सरकार ने भी अपने नागरिकों को चीन की यात्रा नहीं करने के बारे में ट्रैवेल एडवायज़री जारी की है.
भुतहा शहर में तब्दील हुआ वुहान
वीरान सड़कें, खाली शॉपिंग मॉल, बेतरतीब पड़ीं खाली कुर्सियां, सुनसान पड़े खेल के मैदान और पुलों पर यदा-कदा दौड़तीं एंबुलेंस गाड़ियां.
ये कोरोना वायरस से लड़ रहे चीनी शहर वुहान का हाल है.
चीन सरकार ने वुहान समेत आसपास के क्षेत्र में वायरस के प्रसार को रोकने के लिए आवाजाही को पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया है.
इसके साथ ही चीन में अब तक इस वायरस से पीड़ित लोगों की संख्या 3000 तक पहुंच चुकी है.
चीन के ख़ूबे प्रांत में मरने वालों की संख्या 56 से बढ़कर 76 हो चुकी है.
वहीं, चीन के दूसरे हिस्सों में ये संख्या छह बताई जा रही है.
चीन के साथ-साथ दुनिया भर में तमाम दूसरी जगहों पर भी कोरोना वायरस के मामले सामने आ रहे हैं.
चीन के बाहर इस वायरस से पीड़ित लोगों की संख्या 44 हो चुकी है.
ये मामले जर्मनी, अमरीका और ऑस्ट्रेलिया में पाए गए हैं.
हालांकि, अब तक चीन के बाहर किसी भी व्यक्ति के इस वायरस से मरने की पुष्टि नहीं हुई है.
बीते सोमवार को चीन प्रशासन ने चीन की राजधानी बीजिंग में पचास साल की उम्र के एक व्यक्ति की मौत कोरोना वायरस से होने की पुष्टि की है.
बीजिंग में कोरोना वायरस के चलते ये पहली मौत है.
चीन कंपनियों ने कर्मचारियों की छुट्टियां बढ़ाईं
चीनी सरकार ने शंघाई में आगामी दस फरवरी तक ऑफिसों को खोले जाने पर पाबंदी लगा दी है.
ये पाबंदी चिकित्सा और दवाइओं के क्षेत्र की कंपनियों को छोड़कर सभी कंपनियों पर लागू है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)