आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
कोरोना वायरस: वुहान शहर से अभी अपने नागरिकों को वापस नहीं बुलाएगा पाकिस्तान
पाकिस्तान और चीन के बीच सभी उड़ानों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है.
पाकिस्तान के नागरिक उड्डयन विभाग की ओर से जारी एक नोटिस में कहा गया है कि मौजूदा प्रतिबंध दो फ़रवरी तक लागू रहेगा. इसके बाद इसमें संशोधन किया जा सकता है.
हालांकि विभाग की ओर से जारी अधिसूचना में कारण स्पष्ट नहीं किया गया है लेकिन माना जा रहा है कि यह क़दम चीन में फैले कोरोना वायरस के प्रकोप के चलते उठाया गया है.
चीन के लगभग हर प्रांत में कोरोना वायरस का संक्रमण पाया गया है. चीन में अब तक कोरोना वायरस की वजह से 213 लोगों की मौत हो चुकी है.
हालांकि चीन के साथ हवाई सेवा को निलंबित करने वाला पाकिस्तान पहला मुल्क नहीं है. इससे पूर्व चार अफ्रीकी एयरलाइंस ने शुक्रवार को चीन के लिए अपनी उड़ानों को रद्द करने की घोषणा की थी.
लेकिन इथोपिया ने एक बयान जारी कर कहा है कि वो चीन के लिए अपनी किसी भी उड़ान को रद्द नहीं करेगा. इसके अलावा कई यूरोपीय और एशियाई एयरलाइन्स ने चीन के साथ अपने हवाई संचालन को या तो निलंबित कर दिया है या उड़ानों की संख्या कम कर दी है.
पाकिस्तान सरकार ने घोषणा की है वो चीन के वुहान शहर से अपने नागरिकों को फ़िलहाल वापस नहीं बुलाएगी.
गुरुवार को एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पाकिस्तान के स्वास्थ्य राज्य मंत्री डॉ. ज़फ़र मिर्ज़ा ने कहा कि पाकिस्तान ने विश्व स्वास्थ्य संगठन के प्रस्ताव के मद्देनज़र अपने लोगों को वहां से वापस नहीं लाने का फ़ैसला किया है.
उन्होंने कहा "अगर हम ग़ैर-ज़िम्मेदाराना व्यवहार करते हैं तो इसका प्रकोप जंगल में आग की तरह होगा."
हालांकि उन्होंने यह ज़रूर कहा कि इस कठिन वक़्त में वो चीन के साथ खड़े हैं और इस स्थिति में चीन की ओर से अपनायी जा रही नीतियों का सम्मान करते हैं.
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान इस मसले पर जल्दबाज़ी में कोई फ़ैसला नहीं लेगा.
यह भी पढ़ें
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)