आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
अमरीकाः जो बाइडेन के लिए शानदार साबित हुआ 'सुपर मंगलवार'
जो बाइडेन ने 14 राज्यों में से नौ राज्य जीत कर व्हॉइट हाउस के लिए डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार के तौर पर अपनी दावेदारी मज़बूत कर ली है.
'सुपर मंगलवार' को हुई वोटिंग पूर्व उपराष्ट्रपति जो बाइडेन के कैम्पेन के लिए शानदार वापसी साबित हुई.
दूसरी तरफ़ सेनेटर बर्नी सैंडर्स भी डेमोक्रेटिक पार्टी की तरफ़ से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवारों में बने हुए हैं.
बर्नी सैंडर्स ने अभी तक तीन राज्य जीते हैं और कैलिफ़ोर्निया में वे आगे चल रहे हैं.
जो बाइडेन ने अपने मुख्य प्रतिद्वंदी बर्नी सैंडर्स से टेक्सास जैसा अहम राज्य क़रीबी फ़ासले से जीत लिया.
जो बाइडेन और बर्नी सैंडर्स
हालांकि चुनावी पूर्वानुमानों में टेक्सास के बारे में कहा जा रहा था कि ये बर्नी सैंडर्स के खाते में जा सकता है.
बर्नी सैंडर्स के खाते में कैलिफ़ोर्निया की बढ़त के अलावा कोरोराडो, उताह और वर्मोंट जैसे राज्य हैं. वे वर्मोंट से ही सिनेट में चुने जाते रहे हैं.
जो बाइडेन और बर्नी सैंडर्स की ये रेस नवंबर में राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप से मुक़ाबले के लिए हो रही है.
इस कैम्पेन के लिए अपनी जेब से 500 मिलियन डॉलर से भी ज़्यादा की रक़म ख़र्च कर देने वाले न्यूयॉर्क के पूर्व मेयर माइकल ब्लूमबर्ग एक भी राज्य जीत पाने में नाकाम रहे.
कभी डेमोक्रेटिक पार्टी में बहुत आगे चल रहीं एलीज़ाबेथ वॉरेन को अपने ही गृह राज्य मैसेचुसेट्स में ही करारी हार का सामना करना पड़ा.
डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार
जुलाई तक डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार का फ़ैसला हो जाएगा और इसे हासिल करने के लिए 1991 डेलीगेट्स चाहिए होंगे.
सुपर मंगलवार को हुई वोटिंग से 1300 से ज़्यादा डेलीगेट्स का फ़ैसला हो गया है.
अभी तक की जो तस्वीर हैं, उसमें जो बाइडेन के खाते में 402 डेलीगेट्स हैं जबकि बर्नी सैंडर्स के खाते में 314.
कैलिफ़ोर्निया के पास 415 डेलीगेट्स हैं जहां अभी भी गिनती जारी है. इसके नतीजे मौजूदा तस्वीर को पलट भी सकते हैं.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)