आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
अमरीकी राष्ट्रपति चुनाव: जो बाइडन ने डोनाल्ड ट्रंप को कहा 'हिंसा भड़काने वाला ज़हरीला नेता'
अमरीकी राष्ट्रपति पद के लिए डेमोक्रैटिक पार्टी के उम्मीदवार जो बाइडन ने राष्ट्रपति ट्रंप को 'कमज़ोर' और 'ज़हरीला' नेता क़रार देते हुए देश में 'हिंसा भड़काने' का आरोप लगाया है.
पेन्सिलवेनिया में बोलते हुए बाइडन ने कहा कि डोनाल्ड ट्रंप के राज में अमरीका कई समस्याओं का सामना कर रहा है और ये समस्याएं बढ़ती चली जा रही हैं.
अमरीका के कुछ शहरों में जारी अशांति को लेकर ट्रंप और बाइडन के बीच तनाव बना हुआ है और दोनों एक-दूसरे को निशाने पर ले रहे हैं.
ट्रंप ने 'कानून एवं व्यवस्था' को अपने चुनाव प्रचार अभियान का मुख्य मुद्दा बनाया है और बाइडन इसी मुद्दे पर उन्हें घेरने की कोशिश कर रहे हैं.
वहीं डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि बाइडन दंगाइयों की बजाय पुलिस को दोष दे रहे हैं.
क्या कहा बाइडन ने
ऑरिगन के पोर्टलैंड में हुई हिंसा को लेकर दोनों प्रतिद्वंद्वी एक-दूसरे पर निशाना साध रहे हैं.
शनिवार को यहां एक दक्षिण पंथी समूह से जुड़े व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. उस समय शहर में ट्रंप समर्थक रैली में शामिल लोगों की ब्लैक लाइव्ज़ मैटर के प्रदर्शनकारियों से टकराव हो गया था.
इस साल 25 मई को मिनयापोलिस में अफ्रीकी-अमरीकी जॉर्ज फ़्लॉएड की पुलिस के हाथों मौत के बाद प्रदर्शनों का सिलसिला पोर्टलैंड से ही शुरू हुआ था और पूरे देश में फैल गया था.
ट्रंप मंगलवार को विस्कॉन्सिन जाने वाले हैं मगर वहां जेकब ब्लेक नाम के काले शख़्स की पुलिस की गोली से मौत को लेकर ग़ुस्सा बना हुआ है.
पिट्सबर्ग में मंगलवार को दिए भाषण में बाइडन ने कहा कि राष्ट्रपति ने 'बहुत पहले ही इस देश के नेतृत्व का नैतिक आधार खो दिया था. वह हिंसा को नहीं रोक सकते क्योंकि कई सालों से उन्होंने इसे भड़काया है."
उन्होंने कहा, "हमें अमरीका में न्याय चाहिए. हमें अमरीका में सुरक्षा चाहिए. हम कई संकटों का सामना कर रहे हैं. ऐसे संकट जो ट्रंप के शासन में लगातार बढ़ते रहते हैं."
उन्होंने पूछा, "क्या किसी को ऐसा लगता है कि ट्रंप के दोबारा चुन लिए जाने पर अमरीका में कम हिंसा होगी?"
ट्रंप की प्रतिक्रिया
ट्रंप ख़ुद को क़ानून व्यवस्था पर ध्यान देने वाले नेता के तौर पर प्रचारित कर रहे हैं. उनका कहना है कि डेमोक्रैट नेता और जो बाइडन अपराधों और कई बार नस्लवाद विरोधी प्रदर्शनों में होने वाली हिंसा लेकर नरम रुख़ रखते हैं.
बाइडन के सोमवार के भाषण पर प्रतिक्रिया देते हुए ट्रंप ने उनके ऊपर देश में हो रहे प्रदर्शनों और हिंसा के लिए 'पुलिस पर दोष मढ़ने' का आरोप लगाया.
उन्होंने ट्विटर पर लिखा, 'देखा कि बाइडन ने क्या कहा. मुझे लगता है कि वह दंगाइयों, अराजकतावादियों और लुटेरों की बजाय पुलिस को ज़्यादा दोष दे रहे हैं. वह इनको कभी दोष नहीं दे सकते क्योंकि ऐसा करने पर वह रैडिकल लेफ़्ट बर्नी (सैंडर्स) का समर्थन खो देंगे."
एक अन्य ट्वीट में ट्रंप ने कहा था कि जिन शहरों में ये हिंसा हो रही है, उनके रैडिकल लेफ़्ट मेयर और गवर्नरों ने अपने 'आंदोलन' पर से नियंत्रण खो दिया है.
बाइडन ने इस हिंसा के लिए ट्रंप द्वारा उन्हें दोषी ठहराए जाने को लेकर कहा, 'क्या मैं आपको रैडिकल समाजवादी लगता हूं जिसके दिल में दंगाइयों के लिए नरमी है? सही में?"
उन्होंने हिंसा, जिसमें नस्लवाद विरोधी प्रदर्शनों के दौरान होने वाली हिंसा भी शामिल है, की निंदा की और कहा कि उनकी जॉर्ज फ़्लॉएड और जेकब ब्लेक के परिजनों से बात हुई है, जिनका कहना है कि 'ये हिंसा कहीं से भी सम्मानजनक नहीं है.'
डेमोक्रैट उम्मीदवार ने ट्रंप को ऐसा राष्ट्रपति करार दिया जो 'व्यवस्था स्थापित करने की जगह अराजकता के बीज बोता है.' उन्होंने ट्रंप की मौजूदगी को 'देश के लिए ज़हरीला बताया और कहा कि इससे लोकतंत्र में ज़हर घुल रहा है.'
अब तक बाइडन प्रचार के दौरान ट्रंप पर इस बात को लेकर निशाना साध रहे थे कि कोरोना महामारी को लेकर उन्होंने क्या किया और अमरीका में कितने सारे लोगों की जान चली गई. मगर सोमवार को उन्होंने ट्रंप के क़ानून व्यवस्था दुरुस्त करने के दावों को चुनौती दी.
नवंबर में होने वाले चुनाव से पहले अब तक बाइडन नेशनल पोल्स में ट्रंप पर बढ़त बनाए हुए हैं.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)