आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
दो फ़ीट की गाय, जिसे देखने पहुँचे 15 हज़ार लोग
बांग्लादेश में इन दिनों रानी की चर्चा किसी बड़े सिलेब्रिटी की तरह हो रही है. लोग रानी को देखने और उसके साथ फ़ोटो खिंचवाने के लिए अलग-अलग जगहों से पहुँच रहे हैं.
रानी एक 'भुट्टी गाय' यानी भूटानी नस्ल की गाय है, जिसकी उम्र क़रीब दो वर्ष है. रानी की ऊंचाई महज़ 51 सेंटीमीटर है और उसका वज़न सिर्फ़ 28 किलोग्राम है.
रानी को बांग्लादेश की राजधानी ढाका के क़रीब स्थित चारीग्राम के एक फ़ार्म-हाउस में रखा गया है. स्थानीय मीडिया के अनुसार, बांग्लादेश में कोरोना महामारी से संबंधित प्रतिबंध लागू होने के बावजूद, 15 हज़ार से ज़्यादा लोग रानी से मिलने यहाँ पहुँचे हैं.
इस फ़ार्म के मैनेजर हसन होलादार ने रानी का नाम गिनीज़ बुक ऑफ़ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के लिए भेजा है. उनका कहना है कि रानी दुनिया की सबसे छोटी गाय है.
रानी से मिलने पहुँचीं एक महिला दर्शक, रीना बेग़म ने बीबीसी से बातचीत में कहा कि मैंने अपने जीवन में ऐसी चीज़ कभी नहीं देखी.
हसन होलादार रानी को पिछले साल बांग्लादेश के ही नौगाँव ज़िले के एक फ़ार्म से लेकर आये थे.
वे बताते हैं कि "रानी को चलने में थोड़ी परेशानी होती है, इसलिए फ़ार्म में उसे बाकी गायों से अलग रखा जाता है. हमें डर रहता है कि बड़ी गायें कहीं उसे चोट ना पहुँचा दें."
"वो ज़्यादा खाती भी नहीं है, वो थोड़ा बहुत भूसा खाती है और मामूली चारे में उसका काम हो जाता है. उसे जब घुमाने ले जाते हैं, तो वो खुश होती है और कोई अगर उसे बाहों में उठा ले, तो उसकी ख़ुशी का ठिकाना नहीं रहता."
अभी तक 'दुनिया की सबसे छोटी गाय' का टाइटल मनिकयम नामक एक भारतीय गाय के पास है जिसकी ऊंचाई 61.1 सेंटीमीटर बताई जाती है.
हसन होलादार ने बीबीसी को बताया कि गिनीज़ बुक ऑफ़ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की एक टीम इसी साल रानी को देखने पहुँचेगी और ये तय करेगी कि क्या 'दुनिया की सबसे छोटी गाय' का टाइटल रानी को दिया जा सकता है या नहीं
चूंकि इस्लामिक पर्व ईद के अब कुछ ही हफ़्ते बाकी हैं, तो इस बात की भी आशंका जताई जा रही है कि कहीं रानी को क़ुर्बानी के लिए बेच ना दिया जाये.
हालांकि, फ़ार्म के मालिक हसन होलादार का कहना है कि अभी उनकी ऐसी कोई योजना नहीं है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)