आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
अमेरिका में आइडा तूफ़ान तट से टकराया, ख़तरे की चेतावनी
अमेरिका के लुइसियाना प्रांत में चक्रवाती तूफ़ान आइडा ने दस्तक दे दी है जिसके बाद से न्यू ऑरलिएंस शहर में बिजली जा चुकी है.
चक्रवाती तूफ़ान जब ज़मीन से टकराया तब 240 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ़्तार से हवाएं चल रही थीं.
जो लोग अब तक भागकर सुरक्षित जगहों पर नहीं गए हैं तो उनसे सुरक्षित जगहें तलाशने के लिए कहा गया है.
आइडा तूफ़ान को एक प्रकार से शहर की बाढ़ से रक्षा की एक परीक्षा के तौर पर भी देखा जा रहा है.
दरअसल, साल 2005 में कैटरीना चक्रवाती तूफ़ान के बाद 1,800 लोग मारे गए थे.
इसके बाद शहर की बाढ़ से सुरक्षा के लिए कई अहम क़दम उठाए गए थे.
7.5 लाख घरों की बिजली ग़ायब
राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा है कि आइडा से 'ज़िंदगी को ख़तरा होगा', इसके अलावा समुद्र तट के अलावा भी भारी तबाही हो सकती है.
लुइसियाना में 7,50,000 से अधिक घरों की बिजली जा चुकी है.
राष्ट्रपति बाइडन ने कहा है कि बिजली की सप्लाई वापस बहाल करने में हफ़्तों लग सकते हैं.
बीते दो दिनों में मेक्सिको की खाड़ी के गर्म पानी के कारण आइडा तूफ़ान और मज़बूत हुआ था.
रविवार को न्यू ऑरलिएंस के दक्षिण में यह समुद्र तट से टकराया.
यह चौथी श्रेणी के चक्रवाती तूफ़ान के तहत आता है जिसका अर्थ है कि यह इमारतों, घरों और बिजली की लाइनों को गंभीर तरीके से नुक़सान पहुंचाएगा.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)