आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
पाकिस्तान में इमरान ख़ान के 'कैरेक्टर पर हमला करने वाले वीडियो' की चर्चा गर्म
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी के चेयरमैन इमरान ख़ान ने दावा किया कि उनके विरोधी उनका 'चरित्र हनन' करने वाले 'मैटेरियल' तैयार कर रहे हैं.
पाकिस्तान के 'हम न्यूज़' को दिए एक इंटरव्यू में इमरान खान ने कहा कि उनके विरोधियों ने कंपनियों को काम पर रखा है जो उनके चरित्र हनन के लिए मैटेरियल तैयार कर रही हैं.
इमरान खान की पार्टी पीटीआई के ट्विटर हैंडल से भी इस तरह की एक पोस्ट की गई है. इसमें एक वीडियो के ज़रिए लोगों को 'डीपफेक' टेक्नोलॉजी के खतरों के बारे में चेतावनी दी गई थी. वीडियो में 'डीपफ़ेक' को समझाते हुए बताया गया है कि किसी के भी चेहरे को वीडियो में किसी दूसरे के चेहरे की जगह लगाया जा सकता है. यानी आपका चेहरा कुछ भी करते हुए दिखाया जा सकता है.
इससे पहले इमरान ख़ान की सरकार में मंत्री रहे उनकी पार्टी के नेता चौधरी फ़वाद हुसैन ने भी दावा किया था कि उनके राजनीतिक विरोधी इमरान ख़ान के चरित्र पर हमला करने के लिए एक बड़ी मुहिम छेड़ने जा रहे हैं.
फ़वाद हुसैन ने दो मई को अपने ट्विटर अकाउंट पर एक वीडियो में कहा," इमरान ख़ान के ख़िलाफ़ एक बड़ी कैरेक्टर एसैसिनेशन कैम्पेन लाने की तैयारी की जा रही है, जिसमें उनको वीडियो और ज़ाली ऑडियो के ज़रिए पीटीआई के कार्यकर्ताओं और लोगों से उनके किरदार के बारे में बात की जाएगी."
इस सबके बीच पाकिस्तान की सोशल मीडिया पर भी इनको लेकर चर्चा शुरू हो गई है.
ऐसे में कहा जा रहा है कि इमरान खान को ये चिंता सता रही है कि उनके विरोधी सोशल मीडिया के ज़रिए आपत्तिजनक वीडियो डालकर उनका चरित्र हनन करना चाहते हैं जिसकी आशंका से वो और उनकी पार्टी अलग-अलग जगह चेतावनी दे रहे हैं.
पाकिस्तान में प्रधानमंत्री की कुर्सी गँवाने के बाद से इमरान खान किसी ना किसी बात को लेकर चर्चा में हैं.
पाकिस्तान के 'हम न्यूज' के साथ इंटरव्यू में इमरान खान ने कहा, "मेरा मुक़ाबला माफिया के साथ हुआ है और सबसे बड़ा शरीफ माफिया है. इन्होंने बेनज़ीर के साथ भी ऐसा ही किया था. उनकी तस्वीरें जहाज़ से फेंकी थी. ये हमेशा पर्सनल लेवल पर अटैक करते हैं. 35 साल से इनकी भ्रष्टाचार की कहानियां चल रही हैं. जब कोई इनके भ्रष्टाचार पर बात करता है, ये लोग उस पर पर्सनल अटैक करते हैं"
इंटरव्यू में इमरान खान ने कहा कि ईद के बाद उनके विरोधी उनका चरित्र हनन शुरू करेंगे.
उन्होंने कहा, ''ईद खत्म हो गई है. अब आप देखेंगे कि इन्होंने कैरेक्टर एसेसिनेशन की पूरी तैयारी की हुई है. इन्होंने कंपनियां हायर की हुई हैं जो पूरा मैटेरियल बना रही हैं."
पाकिस्तान की शहबाज शरीफ सरकार पर हमला बोलते हुए इमरान ख़ान ने कहा कि 60 फीसदी कैबिनेट ज़मानत पर बाहर है. उन्होंने कहा, ''शहबाज़ शरीफ ज़मानत पर हैं. उनका बेटा ज़मानत पर है. मरियम भी ज़मानत पर है. नवाज़ शरीफ पर दोष सिद्ध हो चुके हैं. बेटे बाहर भागे हुए हैं."
इमरान खान ने कहा, "अरबों रुपये के भ्रष्टाचार पर जवाब ना देते हुए ये लोग कैरेक्टर एसेसिनेशन करते हैं. इन्होंने मेरी पूर्व पत्नी जेमिमा गोल्डस्मिथ के खिलाफ एक फर्जी मामला चलाया था. उनका क्या अपराध था, ये कि वो मेरी पत्नी थीं. अब वो फराह खान पर हमले कर रहे हैं क्योंकि वे मेरी पत्नी बुशरा बीबी की करीबी हैं."
चर्चा में इमरान खान का पॉडकास्ट
इसके साथ ही इमरान खान के पॉडकास्ट भी पाकिस्तान की सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने हुए हैं. वे अपनी बात जनता तक पहुँचाने के लिए पॉडकास्ट का सहारा ले रहे हैं.
#PodcastWithIK नाम से उनका पॉडकास्ट सोशल मीडिया पर टॉप ट्रेंड में भी शामिल रहा है.
उन्होंने इस पॉडकास्ट में कई विषयों पर खुलकर बात की. इसमें पाकिस्तान की सेना से लेकर अल्लामा इक़बाल तक शामिल थे.
अल्लामा इक़बाल पर बोलते हुए इमरान खान ने कहा, ''मेरे माता पिता ने मुझे बताया था कि तुम बहुत खुशकिस्मत हो कि तुम आज़ाद पाकिस्तान में पैदा हुए हो. अल्लामा इक़बाल की जो शायरी है, उन्होंने मुसलमानों को जगाने की कोशिश की थी"
पॉडकास्ट में पाकिस्तान की आर्मी और नवाज शरीफ़ पर बोलते हुए इमरान ख़ान ने कहा, "नवाज शरीफ़ की क्यों आर्मी चीफ से लड़ाई रहती थी, क्योंकि वो आर्मी को कंट्रोल करना चाहता था. वो आर्मी को पंजाब पुलिस बनाना चाहता था. पाकिस्तान की सारी एजेंसियां उसके कंट्रोल में थी…."
"नवाज़ शरीफ आर्मी को कंट्रोल नहीं कर सकता था. उसकी कोशिश अपना आर्मी चीफ बैठने की होती थी. क्योंकि वो पूरी तरह से पावर चाहता था. मेरा कभी सेना से कभी कोई विवाद नहीं हुआ. मैंने कभी नहीं सोचा कि मैं कभी अपना आर्मी चीफ लाऊं. मैं सोचता था कि फौज के दायरे को मज़बूत हो."
विदेश नीति पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि वे 26 साल से कह रहे हैं कि वे कभी किसी के आगे नहीं झुकेंगे और ना ही देश को झुकने देंगे. .
इमरान ख़ान ने कहा कि अगली बार वे पहले से योजना बनाकर आएंगे कि महत्वपूर्ण पदों पर किसे नियुक्त करना है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)