आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
सोशल: लालू यादव की रैली में उड़कर आ रहे हैं समर्थक?
राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के अध्यक्ष लालू यादव ने पटना के गांधी मैदान में रविवार को 'भाजपा भगाओ, देश बचाओ' रैली का आयोजन किया.
रैली में उन्होंने नीतीश कुमार और बीजेपी के खिलाफ़ तमाम बातें कहीं लेकिन महफिल लूट ली उनकी शेयर की एक फ़ोटो ने.
लालू यादव ने एक तस्वीर ट्विटर पर शेयर की जिसमें चारों तरफ लोग ही लोग नज़र आ रहे हैं. उन्होंने फोटो के साथ लिखा,''लालू के आधार के सामने कोई चेहरा नहीं टिकेगा. आप पटना के गांधी मैदान में आइए और जितनी गिनती कर सकते हैं, करिए.''
देखते ही देखते तस्वीर इंटरनेट पर वायरल हो गई और लोगों ने इस पर चुटकुले बनाने शुरू कर दिए. लोगों का कहना है कि ये तस्वीर फोटोशॉप्ड है.
इस तस्वीर के फोटोशॉप्ड होने की आशंका इसलिए भी है क्योंकि समाचार एजेंसी एएनआई ने लालू की तस्वीर के साथ कुछ और तस्वीरें ट्वीट करते हुए बताया है कि दोनों तस्वीरों में अंतर साफ़ दिख रहा है.
नरेश झा ने ट्विटर पर लिखा,''यहां भी घोटाला कर दिया, फोटोशॉप से.''
विवेक शुक्ला ने लिखा,''जगह न मिलने पर हवा में बैठे लालू सपोर्टर.'' राहुल ने कहा,''अब ये मत कहिएगा लालू जी कि इस फोटोशॉप के पीछे आरएसएस का हाथ है.''
एक ट्विटर यूजर ने लिखा,''अब स्वर्ग से लोग टपकने लगे हैं. फोटोशॉप करना सीख लीजिए.'' अवध सिंह ने लिखा,''ये लीजिए, एक और फ़ोटोशॉप. 125 करोड़ की उड़ती जनता.''
स्वाति मिश्रा फ़ेसबुक पर लिखती हैं,''ऊपरवाला छप्पड़ फाड़कर समर्थक भेज रहा है. कितनी बाढ़ झेलेगा बिहार? लालू जी, रहम कीजिए.''
फिलहाल लालू यादव या पार्टी की तरफ से तस्वीर को लेकर कोई स्पष्टीकरण नहीं आया है.