आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
शशि कपूर की मौत पर शशि थरूर को फोन!
बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता और निर्देशक शशि कपूर नहीं रहे. उनका 79 साल की उम्र में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया है.
शशि कपूर के जाने के बाद सोशल मीडिया पर इसकी उदासी महसूस की जा सकती है. राष्ट्रपति, उप-राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर शशि कपूर को श्रद्धांजलि दी है.
राष्ट्रपति ने लिखा, "जाने-माने अभिनेता शशि कपूर के देहांत की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ. निर्माता के तौर पर सार्थक सिनेमा में उनका सहयोग उल्लेखनीय है. उनके परिवार के प्रति संवेदनाएं."
शशि कपूर की याद में पूरा बॉलीवुड ग़म में डूबा है.
अभिनेता अजय देवगन ने ट्वीट किया, "शशि कपूर जी आपको भुलाया नहीं जा सकता."
अभिनेता अक्षय कुमार ने लिखा, "सिनेमा में आपका उल्लेखनीय योगदान हमेशा याद रखा जाएगा."
अभिनेत्री बिपाशा बसु ने भी उन्हें याद किया.
क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग ने शशि कपूर का लोकप्रिय डायलॉग 'मेरे पास मां है' ट्वीट कर उन्होंने श्रद्धांजलि दी.
उन्होंने कहा कि आप आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे.
एक जैसा नाम होने की वजह से कई लोगों को शशि थरूर का देहांत होने की गलतफहमी हो गई, जिसके बाद शशि थरूर ने ट्वीट कर इन ख़बरों को खारिज किया.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)