आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
शाहरुख ख़ान ने क्वारंटाइन सेंटर बनाने के लिए दिया अपना ऑफ़िस-सोशल
बॉलीवुड एक्टर शाहरुख़ ख़ान ने कोरोना संकट के दौर में एक बड़ी पहल की है. उन्होंने अपने ऑफ़िस की चार मंज़िला इमारत को क्वारंटाइन सेंटर बनाने का फ़ैसला लिया है. इस सेंटर में बच्चों, महिलाओं और बुज़ुर्गों की देखभाल की जाएगी.
बृह्नमुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ये जानकारी दी है. ट्वीट में लिखा गया है:
अपने चार मंज़िला ऑफ़िस स्पेस को क्वरंटाइन सेंटर बनाने का प्रस्ताव देने के लिए हम शाहरुख ख़ान और गौरी ख़ान का शुक्रिया अदा करते हैं. यह वास्तव में सही समय पर लिया गया है एक विवेकपूर्ण फ़ैसला है.
हालांकि शाहरुख ख़ान या उनकी पत्नी गौरी ख़ान ने अपने सोशल मीडिया हैंडल्स पर इस बारे मे कुछ नहीं बताया है.
शाहरुख ख़ान और उनके परिवार के इस नेक क़दम की सोशल मीडिया पर काफ़ी चर्चा हो रही है और ट्विटर पर #दानकर्ता_शाहरूख़ख़ान और #ShahrukhsHomeForQuarantine ट्रेंड कर रहा है.
गौरव चन्ना नाम के ट्विटर यूज़र ने तिरंगा झंडा लिए शाहरुख की तस्वीर पोस्ट की और लिखा: देश की शान, शाहरुख़ ख़ान.
अमित कुमार ने लिखा, "एक ही दिल कितनी बार जीतोगे, सर. मुझे शब्द नहीं मिल रहे हैं. बस इतना कहूंगा कि आपका फ़ैन होने पर मुझे गर्व है."
चरन ने ट्वीट किया, "शाहरुख़ ख़ान वो मौन योद्धा हैं जो कोरोना से लड़ने में चुपचाप देश की मदद कर रहे हैं. मैं हाथ जोड़कर उनका शुक्रिया अदा करता हूं."
पिछले कुछ दिनों में शाहरुख़ ख़ान और उनकी पत्नी गौरी ख़ान ने कोरोना संकट में मदद के लिए कई बड़े ऐलान किए हैं. इन दिनों शाहरुख ख़ान और गौरी ट्विटर पर भी काफ़ी एक्टिव नज़र आ रहे हैं.
शाहरुख़ ख़ान ने पीएम केयर्स फ़ंड और महाराष्ट्र मुख्यमंत्री राहत कोष में दान किया है.
इसके अलावा उन्होंने स्वास्थकर्मियों के मास्क और दस्ताने जैसे 50 हज़ार पर्सनल प्रोटेक्शन इक्विपमेंट (पीपीई) के लिए भी धनराशि दी है. इसके अलावा शाहरुख ख़ान ने लोगों की मदद करने वाली चार संस्थाओं को भी फ़ंड दिया है.
इसकी जानकारी देते हुए उन्होंने ट्वीट किया, "इस वक़्त लोगों को ये एहसास दिलाना ज़रूरी है कि वो अकेल नहीं हैं...उन लोगों को जो दिन-रात बिना थके आपके लिए काम कर रहे हैं. इसलिए आइए सुनिश्चित करें कि हम अपनी छोटी सी भूमिका को ठीक से निभाएं और एक दूसरे की देखभाल करें. सभी भारतीय एक परिवार हैं."
शाहरुख़ ख़ान की मदद के लिए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी समेत कई लोगों ने उनका शुक्रिया अदा किया है.
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री कार्यालय से जब उन्हें शुक्रिया अदा किया गया तो उन्होंने मराठी में जवाब देते हुए कहा, "हम सब एक परिवार हैं और सबको एक साथ रखना है, सेहतमंद रखना है."
अरविंद केजरीवाल ने जब शाहरुख ख़ान को शुक्रिया कहा तो उन्होंने जवाब में ट्वीट किया, "सर, आप तो दिल्लीवाले हो. थैंक यू मत करो, हुक्म करो. अपने दिल्लीवाले भाइयों और बहनों के लिए हम लगे रहेंगे. ईश्वर ने चाहा तो जल्द ही इस संकट से हम जीतकर निकलेंगे.''
इससे पहले शाहरुख ख़ान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनता कर्फ़्यू पहल का स्वागत किया था. वो सोशल मीडिया पर लगातार वीडियो पोस्ट कर लोगों से लॉकडाउन का पालन करने और घरों में रहने की अपील भी कर रहे हैं.
- कोरोना वायरस के क्या हैं लक्षण और कैसे कर सकते हैं बचाव
- कोरोना वायरस क्या गर्मी से मर जाता है?
- कोरोना ठीक होने के बाद दोबारा हो सकता है?
- कोरोना वायरस का आपकी सेक्स लाइफ़ पर क्या असर पड़ेगा?
- कोरोना वायरस: पांच बीमारियां जिनके प्रकोप ने बदल दिया इतिहास
- इटली का वो अस्पताल जो 'कोरोना अस्पताल' बन गया है
- कोरोना वायरस का संकट कब और कैसे ख़त्म होगा?
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)