आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
सुभाष चंद्र बोस की राष्ट्रपति कोविंद ने क्या ग़लत तस्वीर इस्तेमाल की?
नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं सालगिरह बीते दो दिनों से चर्चा में है.
कोलकाता में हुए कार्यक्रम में 'जय श्री राम' के नारों और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की नाराज़गी की ख़बरें चल ही रहीं है और राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद भी सुर्ख़ियों में आ गए हैं.
वजह है- सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर भारत के राष्ट्रपति के ऑफ़िशियल ट्विटर हैंडल से पोस्ट की गई तस्वीरें.
इन दो तस्वीरों में राष्ट्रपति कोविंद नेताजी सुभाष चंद्र बोस के दो प्रोट्रेट का अनावरण करते हुए दिख रहे हैं.
कुछ लोग सोशल मीडिया पर इस प्रोट्रेट को एक्टर प्रसन्नजीत चटर्जी का बता रहे हैं. प्रसन्नजीत नेताजी बोस का किरदार फ़िल्म में निभा चुके हैं.
तस्वीर पर चर्चा
टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा भी इस मुद्दे पर राष्ट्रपति कोविंद को घेरते हुए एक ट्वीट कर चुकी हैं.
हालांकि इस ट्वीट को मोइत्रा ने जल्द ही डिलीट कर दिया.
इस ट्वीट में मोइत्रा ने लिखा था, ''राम मंदिर को पाँच लाख रुपये डोनेट करने के बाद राष्ट्रपति कोविंद एक्टर प्रसन्नजीत के प्रोट्रेट का अनावरण कर रहे हैं. प्रसन्नजीत जो नेताजी की बायोपिक में उनका किरदार निभा चुके हैं."
ट्विटर पर जॉय दास ने लिखा, ''ये कमाल ही हो गया. जिस प्रोट्रेट का अनावरण राष्ट्रपति ने किया वो एक एक्टर का प्रोट्रेट है. ये कुछ ऐसा हुआ कि भगत सिंह का प्रोट्रेट का अनावरण करना हो और आप अजय देवगन के प्रोट्रेट का अनावरण कर दें.''
इसके अलावा भी ट्विटर पर काफ़ी सारे यूज़र राष्ट्रपति कोविंद की तस्वीरों को फ़ोटोशॉप करके तंज़ कस रहे हैं. ट्विटर पर #Parodyportraits भी ट्रेंड्स में शामिल है.
तस्वीर की कहानी क्या है?
ये प्रोट्रेट भले ही कुछ लोगों को एक्टर प्रसन्नजीत का लग रहा है.
लेकिन असल में ये तस्वीर नेताजी के पोते ने ही कुछ दिन पहले ट्वीट की थी. बीजेपी नेता और नेताजी बोस के पोते चंद्रकुमार बोस ने बीते साल एक ब्लैक एंड वाइट तस्वीर ट्वीट की थी.
11 जनवरी 2020 को पोस्ट की इस तस्वीर और राष्ट्रपति कोविंद के अनावरण किए हुए प्रोट्रेट में समानता देखने को मिल जाएगी.
संभव है कि इस प्रोट्रेट का आधार ये तस्वीर रही हो. इस प्रोट्रेट को कलाकार परेश मैती ने बनाया है.
सोशल मीडिया पर तेज़ हुई चर्चा के बीच बीजेपी नेता और नेताजी बोस के पोते चंद्रकुमार बोस ने शाम को ट्वीट कर कहा, "ये नेताजी सुभाष चंद्र बोस की असली तस्वीर है, जिसके आधार पर जाने-माने कलाकार परेश मैती ने वो प्रोट्रेट बनाया जिसका 23 जनवरी 2021 को राष्ट्रपति श्री रामनाथ कोविंद ने अनावरण किया."
इससे पहले पत्रकार राजदीप सरदेसाई ने भी इसकी पुष्टि अपने ट्वीट में की है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)