आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
किस भारतीय का मुरीद है पाकिस्तानी सिख क्रिकेटर?
- Author, इंदु पांडेय
- पदनाम, बीबीसी हिंदी डॉटकॉम के लिए
- प्रकाशित
पाकिस्तान की क्रिकेट टीम के लिए उभरते हुए क्रिकेटरों में से चुने गए देश के पहले सिख क्रिकेटर महिंदर पाल सिंह 'क्रिकेट के गॉड' सचिन तेंदुलकर के दीवाने हैं.
बीबीसी से खास बातचीत में दाहिने हाथ से तेज गेंदबाज़ी करने वाले महिंदर पाल सिंह से ने बताया कि वो बचपन से ही क्रिकेट खेलते रहे हैं और इसमें उन्हें अपने माँ और पिता की तरफ़ से क़ाफ़ी प्रोत्साहन मिला. वो मेहनत करते रहे और आज इस मुक़ाम पर हैं.
अब उनका एक ही सपना है कि वो पाकिस्तान की क्रिकेट टीम की तरफ़ से खेलें. 20 साल के महिंदर पाल सिंह ने कहा है कि उनके प्रशिक्षण में मुदस्सर नज़र, मुश्ताक अहमद ने उनके खेल की सराहना की है.
महिंदर पाल पाकिस्तान के 'ननकाना साहब' गुरुद्वारा में सेवा करते हैं और क्रिकेट की मंज़िल तक पढ़ाई के साथ-साथ पहुँचना चाहते हैं.
छह भाई बहनों में सबसे बड़े महिंदर कहते हैं कि ज़िंदगी गुज़ारने के लिए पढ़ाई ज़रूरी है.
वक़ार यूनुस को पसंद करने वाले और उन्हें अपना आदर्श मानने वाले महिंदर ने गली मोहल्ले से क्रिकेट खेलते हुए पाकिस्तान में इतिहास बना लिया है और आगे पाकिस्तान का नाम रोशन करना चाहते हैं.
उनकी तमन्ना है कि वो अपनी ज़िंदगी में एक बार सचिन से मिलें.
उन्होंने बताया कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष शहरयार ख़ान ने भी मुल्तान क्रिकेट अकेडमी में मुलाक़ात के दौरान उनकी सराहना की.
राइट आर्म फ़ास्ट बॉलर महिंदर पाल सिंह का कहना है कि क्रिकेट टीमवर्क सिखाता है तो पढ़ाई तहज़ीब सिखाती है.
सरदार हैं तो पंजाबी गाने सुनना पसंद है और जब भी टाइम मिलता है तो फ़िल्म 'थ्री इडियट्स' और 'पीके' ज़रूर देखते हैं.
क्रिकेट के अलावा इन्हें वॉलीबॉल खेलना अच्छा लगता है. उनका कहना है कि सही समय पर कोई गाइड नहीं मिलने की वजह से उनका बहुत वक़्त बर्बाद हो गया है.
महिंदर पाल कहते हैं कि भारत और पाकिस्तान के बीच में जब भी क्रिकेट हो उन्हें खेलने का मौका मिले. महिंदर कहते हैं, "मैं भारत के ख़िलाफ़ खेलना चाहता हूँ. वो दिन मेरे लिए सबसे अधिक खुशी का होगा."
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)