आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
आईपीएल: फाइनल में मुंबई इंडियन्स, केकेआर आउट
मुंबई इंडियन्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 6 विकेट से हराकर आईपीएल 10 के फ़ाइनल में जगह बना ली है.
आईपीएल 10 के शुक्रवार को खेले गए दूसरे क्वालिफायर मुक़ाबले में मुंबई को केकेआर ने जीत के लिए 108 रन लक्ष्य दिया था. मुंबई ने ये लक्ष्य चार विकेट गंवाकर 15 वें ओवर में हासिल लिया.
फाइनल में रविवार को मुंबई का मुक़ाबला राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स से होगा. पुणे ने पहले क्वालिफायर में मुंबई को हराकर ही फाइनल में जगह बनाई थी.
मुंबई के लिए नाबाद 45 रन बनाने वाले क्रुणाल पांड्या टॉप स्कोरर रहे. कप्तान रोहित शर्मा ने 26 रन बनाए. केरॉन पोलार्ड 9 रन बनाकर नाबाद रहे.
इसके पहले मुंबई ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी और गेंदबाज़ों ने मुंबई के लिए जीत का रास्ता तैयार कर दिया.
दूसरे ही ओवर में जसप्रीत बुमराह ने केकेआर के ओपनर क्रिस लेन को आउट कर दिया.
करण शर्मा ने पांचवें ओवर में दूसरे ओपनर सुनील नरेन को स्टंप्स करा दिया. वो सिर्फ दस रन बना पाए. अगले ओवर में बुमराह ने रॉबिन उथप्पा को पैवेलियन भेज दिया. उन्होंने सिर्फ एक रन बनाया.
कप्तान गौतम गंभीर सिर्फ 12 रन बना सके. केकेआर ने पांचवां विकेट 31 रन के स्कोर पर गंवा दिया.
इसके बाद इशाक जग्गी और सूर्यकुमार यादव ने छठे विकेट के लिए 56 रन जोड़े. सूर्यकुमार 31 रन बनाकर टीम के टॉप स्कोरर रहे. जग्गी ने 28 रन बनाए. केकेआर की पूरी टीम 18.5 ओवरों में 107 रन पर आउट हो गई.
मुंबई के लिए कर्ण शर्मा ने 16 रन देकर चार और बुमराह ने सात रन देकर तीन विकेट लिए. कर्ण शर्मा को मैन ऑफ द मैच चुना गया.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए यहां क्लिक करें. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)