आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
जब इंडियन ड्रेसिंग रूम में नाचा पाकिस्तानी गेंदबाज़
क्रिकेट मैदान पर भारत और पाकिस्तान की टक्कर हमेशा ही दिलचस्प रही है.
रविवार को भी ब्रिटेन के एजबेस्टन क्रिकेट मैदान पर भारत और पाकिस्तान का मुक़ाबला हो रहा है और इसे लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबर्दस्त क्रेज़ है.
यह क्रेज़ ऐसा है कि इसे देखकर भारत और पाकिस्तान क्रिकेट मैच को दुनिया का सबसे रोमांचक मुक़ाबला कहना गलत नहीं होगा.
आइए, आपको बताते हैं भारत-पाकिस्तान क्रिकेट के कुछ 'लोकप्रिय' किस्से:
...जब गावस्कर को कहे अपशब्द
कराची में एक मैच के दौरान पाकिस्तानी गेंदबाज़ सरफ़राज़ नवाज़ भारतीय बल्लेबाज़ सुनील गावस्कर को गेंदबाज़ी कर रहे थे.
गावस्कर ने लगातार दो गेंदों पर सरफ़राज़ को चौके लगाए. इससे तिलमिलाए सरफ़राज़ ने गावस्कर को कुछ अपशब्द कहे.
सरफ़राज़ के बार-बार ऐसा करने पर एक और पाकिस्तानी गेंदबाज़ अब्दुल क़ादिर उनके पास गए और उनसे लड़ पड़े.
क़ादिर ने सरफ़राज़ से कहा कि गावस्कर भाई बहुत बड़े खिलाड़ी तो हैं ही, साथ ही बहुत बड़े इंसान भी हैं.
मियांदाद बन गए थे 'मेंढक'...
1992 विश्व कप में भारत-पाकिस्तान मैच के दौरान पाकिस्तानी बल्लेबाज़ जावेद मियांदाद क्रीज़ पर थे.
विकेट के पीछे से विकेटकीपर किरन मोरे बार-बार उन्हें उकसा रहे थे.
इससे झुंझलाकर मियांदाद जम्पिंग जैक बन गए. उनकी क्रीज़ पर मेंढक की तरह अजीबोगरीब कूद आज भी क्रिकेट प्रशंसकों के ज़हन में है.
राहुल द्रविड़ की चोट
1997 में मद्रास में खेले गए इंडो-पाक मैच के दौरान राहुल द्रविड़ ने एक शॉट खेला, जिसके बाद उनके पैर में थोड़ा खिचाव महसूस हुआ.
राहुल को तकलीफ़ में देखकर पाकिस्तान के विकेटकीपर मोइन खान उनके पास गए और राहुल द्रविड़ का पैर पकड़कर उनकी स्ट्रेचिंग करने लगे.
गौतम और अकमल का गुस्सा
2007 में कानपुर एकदिवसीय मैच के दौरान भारतीय बल्लेबाज़ गौतम गंभीर और पाकिस्तानी विकेटकीपर कामरान अकमल के बीच जमकर तू-तू मैं-मैं हुई.
दोनों एक दूसरे से लगभग भिड़ ही चुके थे, तभी अंपायर और खिलाड़ियों ने दोनों का बीच-बचाव किया.
भारत की जीत से खुश थी पाकिस्तानी टीम
1983 में भारत की ऐतिहासिक विश्व कप जीत के बाद जब टीम के सभी खिलाड़ी लॉर्ड्स के होटल में जश्न मना रहे थे.
उस वक्त पाकिस्तान टीम के कई खिलाड़ी उस जश्न में शामिल हुए थे. यहां जमकर डांस हुआ. इसमें एक पाकिस्तानी गेंदबाज़ अब्दुल क़ादिर भी थे.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)