आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
टेनिस सनसनी सेरेना विलियम्स बनी बेटी की मां
अमरीकी टेनिस खिलाड़ी सेरेना विलियम्स ने फ़्लोरिडा के अस्पताल में बेटी को जन्म दिया है. सेरेना को बीते बुधवार को फ़्लोरिडा के सेंट मैरी मेडिकल सेंटर में भर्ती कराया गया था.
वॉशिंगटन पोस्ट के मुताबिक, सेरेना की बच्ची का जन्म सीज़ेरियन ऑपरेशन से हुआ है. जन्म के समय बच्ची का वजन 6 पाउंड और 13 आउंस बताया जा रहा है. इसके साथ ही मां और बच्चे के ठीक हालत में हैं.
ये सेरेना विलियम्स और उनके मंगेतर एलेक्सिस ओहानियन का पहला बच्चा है.
प्रेगनेंसी नहीं रोक सकी खेल
23 ग्रैंड स्लेम जीतने वाली सेरेना विलियम्स टेनिस के इतिहास में पहले ही अपना नाम दर्ज करा चुकी हैं. लेकिन साल 2017 की जनवरी में प्रेगनेंट होते हुए भी आस्ट्रेलिया ओपन में भाग लेकर ग्रैंड स्लेम जीतकर उन्होंने फैंस को चौंका दिया था.
सेरेना जनवरी में होने वाले आस्ट्रेलिया ओपन में उतरने की योजना बनाने के बारे में बता चुकी हैं.
बधाई संदेश
सेरेना की बहन वीनस विलियम्स इस समय अमरीकी ओपन में उतरने की तैयारी कर रही हैं.
वीनस विलियम्स के पास जब ये खबर पहुंची तो वीनस ने कुछ इस अंदाज में अपनी खुशी बयां की.
"मैं सच में बहुत-बहुत खुश हूं और कोई भी शब्द इस खुशी को बयां नहीं कर सकते."
टेनिस खिलाड़ी राफ़ेल नडाल ने सेरेना को बधाई देते हुए कहा है, "सेरेना तुम्हें बहुत बहुत बधाई हो. बहुत खुश रहो."
सिंगर बियोंसे ने इंस्टाग्राम पर सेरेना की एक तस्वीर जारी करते हुए उन्हें बधाई दी है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)