आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
सीज़न का सबसे कम स्कोर बनाकर भी जीती सनराइज़र्स हैदराबाद
आईपीएल-11 में मंगलवार को मुंबई में हुए एक रोमांचक मुकाबले में सनराइज़र्स हैदराबाद ने मुंबई इंडियंस को 31 रनों से हरा दिया.
यह मैच रोमांचक इसलिए था क्योंकि हैदराबाद पहली पारी में आईपीएल के इस सीज़न के सबसे कम स्कोर 118 रन पर सिमट गई थी.
इसके जवाब में खेलने उतरी मुंबई इंडियंस के लिए यह लक्ष्य काफ़ी छोटा लग रहा था लेकिन हैदराबाद की कसी गेंदबाज़ी के आगे पूरी की पूरी टीम 19वें ओवर में 87 रनों पर ऑल आउट हो गई.
इसमें हैदराबाद के सिद्धार्थ कौल, राशिद ख़ान और बासिल थम्पी की गेंदबाज़ी की बड़ी भूमिका रही. राशिद ने अपने पुराने प्रदर्शन को दोहराते हुए चार ओवरों में सिर्फ़ 11 रन ख़र्च करके दो विकेट निकाले.
वहीं, सिद्धार्थ ने चार ओवरों में 23 रन देकर तीन विकेट लिए. संदीप शर्मा, मोहम्मद नबी और शाकिब अल हसन ने एक-एक विकेट लिए.
मुंबई इंडियंस की ओर से सूर्यकुमार यादव (34 रन) और क्रुणाल पंड्या (24 रन) के अलावा कोई भी खिलाड़ी दहाई का अंक भी पार नहीं कर सका.
टॉस जीता लेकिन हारे
सचिन तेंडुलकर के 45वें जन्मदिन पर मुंबई इंडियंस उन्हें जीत का तोहफ़ा देना चाह रही थी क्योंकि वह इसके बल्लेबाज़ी मेंटर हैं. ऐसा पहले लगा भी क्योंकि टीम ने टॉस जीता था और उसने पहले फ़ील्डिंग का फ़ैसला लिया.
मुंबई इंडियंस की ओर से मिचेल मैकलेगन, हार्दिक पंड्या और मयंक मकरंदे ने दो-दो विकेट निकाले और 19वें ओवर की चौथी गेंद पर सनराइज़र्स हैदराबाद को 118 रनों पर ऑलआउट कर दिया.
हैदराबाद की ओर से कप्तान केन विलियमसन और यूसुफ़ पठान ही सबसे अधिक 29-29 रन बना पाए. इसके अलावा किसी बड़े खिलाड़ी ने छाप नहीं छोड़ी.
यह मैच हैदराबाद के लिए काफ़ी मुश्किल लग रहा था लेकिन उसने शुरू से ही कसी हुई गेंदबाज़ी और क्षेत्ररक्षण करते हुए मैच अपने नाम कर लिया.
इस जीत के बाद हैदराबाद अंक तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच चुकी है. छह मैचों में चार जीत के साथ उसके आठ अंक हैं. वहीं, मुंबई इंडियंस के छह मैचों में एक जीत के साथ दो अंक हैं.
अंक तालिका में छह मैचों में पांच जीत के साथ किंग्स इलेवन पंजाब शीर्ष पर है जिसके 10 अंक हैं.
यह भी पढ़ें.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए यहां क्लिक करें. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)