आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
सोशल: नेमार की इस 'नौटंकी' पर दुनिया हैरान
- Author, टीम बीबीसी हिन्दी
- पदनाम, नई दिल्ली
- प्रकाशित
- पढ़ने का समय: 3 मिनट
'नेमार ने ब्राज़ील को ख़ुश किया, लेकिन पूरी दुनिया को ख़फ़ा कर दिया.'
ब्राज़ील के अख़बार ग्लोबो की ख़बर की हेडलाइन यही है. और ये उस खिलाड़ी के बारे में लिखा गया है जो एक ही मैच में बेहतरीन फ़ुटबॉल टैलेंट और बेकार एक्टिंग का नमूना एकसाथ पेश कर सकता है.
अर्जेंटीना के लियोनल मेसी और पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो के बाद अब नेमार फ़ुटबॉल विश्व कप के सबसे बड़े सुपरस्टार बचे हैं. वो दुनिया के सबसे महंगे खिलाड़ी भी हैं.
नेमार की तारीफ़ भी, आलोचना भी
सोमवार को राउंड 16 में मेक्सिको के ख़िलाफ़ मैच में भी नेमार रंग में दिखे. 2-0 से मिली जीत में उन्होंने गोल किया और दूसरा गोल करने में अहम रोल निभाया.
लेकिन मैदान पर गोल करने के अलावा वो दूसरी वजहों से भी चर्चा में रहे.
उन पर सवाल उठते रहे हैं कि जब कभी सामने वाली टीम के खिलाड़ी से उनकी भिड़ंत होती है, तो वो ऐसी चोट लगने का 'नाटक' करते हैं जैसे कोई बहुत बड़ा हादसा हो गया हो.
नेमार पर क्या कहना?
इस वजह से तटस्थ समर्थकों के बीच उनके खेल की चर्चा रहती है, लेकिन इस आदत की काफ़ी आलोचना होती है.
ब्राज़ील बनाम मेक्सिको के मैच में भी कुछ ऐसा ही हुआ. मैच ख़त्म होने में 20 मिनट बचे थे जब नेमार की वजह से खेल को रोकना पड़ा.
मेक्सिको के खिलाड़ी मिगुअल लायुन का पैर नेमार के टखने पर आ गया तो नेमार इस तरह चिल्लाने लगे जैसे उन्हें असहनीय दर्द हो रहा है.
बचाव में क्या बोले?
उनकी इस हरकत के बाद ब्राज़ीली टीम, मेक्सिको के खिलाड़ी, रेफ़री, फ़ोर्थ ऑफ़िशियल सभी वहां आ गए और गर्मागर्मी बढ़ने का ख़तरा पैदा हो गया.
मैच के बाद लायुन से जुड़ा सवाल जैसे ही नेमार की तरफ़ उछाला गया, उनके मैनेजर टाइटे ने कहा, ''वो नेमार पर चढ़े थे. मैंने ख़ुद स्क्रीन पर देखा.''
फिर नेमार ने कहा, ''देखिए, मुझे ऐसा लगता कि ये सिर्फ़ मुझे कम करके दिखाने के लिए है.''
दूसरे खिलाड़ी क्या बोले?
''मैं आलोचना या तारीफ़ पर ज़्यादा ध्यान नहीं देता क्योंकि इससे व्यक्तित्व पर असर पड़ता है. पिछले दो मैचों में मैंने प्रेस से बातचीत नहीं की क्योंकि मैं नहीं चाहता था.''
''मुझे सिर्फ़ खेलना है, अपनी टीम की मदद करनी है.''
एस्टर विला के पूर्व स्ट्राइकर डियोन डबलिन ने कहा, ''मुझे नेमार के लिए शर्म महसूस हो रही है.''
'दुनिया के महान खिलाड़ी'
''वो दुनिया के महान खिलाड़ियों में से एक हैं, लेकिन जब वो मैदान पर इस तरह लुढ़कते हैं तो कुछ समझ नहीं आता. कमाल है यार, तुम इससे बेहतर कर सकते हो, फ़ुटबॉल खेलो ना...''
सकारात्मक या नकारात्मक, नेमार को लेकर प्रतिक्रिया काफ़ी ज़्यादा आती हैं. उनके इंस्टाग्राम पर क़रीब 10 करोड़ फ़ोलोअर्स हैं. और उनके पोस्ट करने के 15 मिनट के भीतर 10 लाख लाइक मिल गए.
लेकिन टि्वटर पर एक और तस्वीर शेयर की जा रही है, जिसमें वो स्विट्ज़रलैंड के ख़िलाफ़ मैच में लुढ़कते हुए नज़र आ रहे हैं.
आपको कितना दर्द है?
और ये तस्वीर, उस पर आधारित मीम, वीडियो और जिफ़ सोशल मीडिया में वायरल हो गए. एक पोस्ट में अलग-अलग तरह से कराह रहे नेमार की आठ तस्वीरें हैं और पूछा जा रहा है कि आपको कितना दर्द हो रहा है.
इसके अलावा कोस्टा रिका के ख़िलाफ़ ब्राज़ील के मैच में भी नेमार के साथ एक घटना हुई थी.
ऐसा मालूम देता है कि जब रेफ़री तनाव कम करने के लिए नेमार की बाज़ू पर हाथ रख रहे हैं तो नेमार हाथ हटा देते हैं और ऐसा कहते दिखते हैं, ''मुझे मत छूना.''
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)