आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
एशियन गेम्स: कबड्डी में ईरान से हारा भारत, पहली बार स्वर्ण से वंचित
इंडोनेशिया में चल रहे एशियन गेम्स में भारत की पुरुष कबड्डी टीम सेमी-फ़ाइनल मुकाबले में ईरान की टीम से हार गई है.
इसके साथ भारतीय टीम का फ़ाइनल में पहुंचने का सपना टूट गया और उसे ब्रॉन्ज़ मेडल से संतोष करना पड़ेगा.
भारतीय टीम को ईरान से 18-27 से मात खानी पड़ी.
भारतीय टीम की यह हार अपने-आप में ऐतिहासिक है, क्योंकि पिछले 28 साल में ये पहली बार है जब भारतीय पुरुष टीम कबड्डी में गोल्ड मेडल नहीं जीत पाएगी.
साल 1990 से यानी जब से एशियन गेम्स में कबड्डी की शुरुआत हुई, तब से भारतीय टीम ही स्वर्ण पदक जीत रही थी.
भारतीय टीम में कई अजय ठाकुर, प्रदीप नरवाल, राहुल चौधरी और दीपक हुड्डा जैसे नाम थे. ये वो नाम थे कुछ वक़्त पहले हुए प्रो कबड्डी लीग में भी खूब चमके थे लेकिन इसके बावजूद ईरान की टीम इस पर भारी पड़ी.
अब फ़ाइनल मुकाबले में ईरान की टीम दक्षिण कोरिया से भिड़ेगी.
महिला टीम फ़ाइनल में
हालांकि भारत की महिला कबड्डी टीम ने ताइवान को 27-14 से हराकर लगातार तीसरी बार एशियन गेम्स के फ़ाइनल में प्रवेश किया.
कबड्डी के अलावा भारत के 15 वर्षीय शार्दुल विहान ने पुरुषों को डबल ट्रैप शूटिंग इवेंट में सिल्वर मेडल पर निशाना लगाया.
एशियाई खेलों के पांचवें दिन गुरुवार को भारत के खाते में पहला पदक अंकिता राणे की तरफ़ से आया.
अंकिता को टेनिस में चीनी प्रतिद्वंद्वी शान जुआंग से हारने के बाद ब्रॉन्ज़ मेडल मिला.
फ़िलहाल भारत 18 पदकों के साथ पदक तालिका में दसवें नंबर पर है. भारत के पास चार गोल्ड, चार सिल्वर और 10 ब्रॉन्ज़ मेडल हैं.
ये भी पढ़ें: शूटिंग में सोना जीतनेवाली पहली खिलाड़ी बनीं राही
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)