आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
भारत-वेस्ट इंडीज़ के बीच दूसरा वनडे मैच हुआ टाई
विशाखापट्टनम में बुधवार को खेला गया भारत और वेस्ट इंडीज़ के बीच दूसरा अंतरराष्ट्रीय एकदिवसीय मैच टाई हो गया.
भारत ने पहले खेलते हुए वेस्ट इंडीज़ के आगे 322 रनों का लक्ष्य रखा था. वेस्ट इंडीज़ ने 50वें ओवर की अंतिम गेंद पर सात विकेट के नुकसान पर 321 रन बनाए.
भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली के लिए यह बेहद स्पेशल मैच था जिसमें उन्होंने अंतरराष्ट्रीय एकदिवसीय क्रिकेट में 10 हज़ार रन पूरे किए. इस रिकॉर्ड के साथ ही उन्होंने पूर्व भारतीय खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ा.
कोहली ने सबसे कम पारियों (205) में यह कारनामा करके दिखाया जबकि सचिन ने 259वीं पारी में यह रिकॉर्ड क़ायम किया था.
वहीं, टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए भारतीय टीम ने छह विकेट के नुकसान पर 321 रन बनाए थे.
भारतीय टीम की शुरुआत बेहद ख़राब रही और चौथे ओवर में ही रोहित शर्मा चार रन बनाकर ऑलराउंडर खिलाड़ी केमर रोच की गेंद पर कैच आउट हो गए. इसके बाद कप्तान विराट कोहली बल्लेबाज़ी करने आए.
नौवें ओवर में भारतीय टीम को दूसरा झटका लगा और बल्लेबाज़ शिखर धवन एश्ले नर्स की गेंद पर 29 रन बनाकर एलबीडब्ल्यू आउट हो गए.
दूसरे पायदान पर बल्लेबाज़ी करने आए अंबाती रायडु ने कप्तान कोहली के साथ मिलकर 139 रन की साझेदारी की. 33वें ओवर में रायडु 73 रन बनाकर नर्स की गेंद पर क्लीन बोल्ड हुए.
हालांकि, दूसरे छोर पर कोहली शानदार बल्लेबाज़ी करते रहे और उन्होंने नॉट आउट 157 रन बनाए.
वेस्ट इंडीज़ की ओर से एश्ले नर्स और ओवेड मेक्कॉय ने दो-दो विकेट, रोच और मर्लन सैमुअल्स ने एक-एक विकेट लिए.
होप की होप से मैच टाई
321 रन के लक्ष्य को पार पाने उतरी वेस्ट इंडीज़ के लिए यह बड़ा लक्ष्य था और उस पर पिछली हार का दबाव भी था.
सातवें ओवर में वेस्ट इंडीज़ को पहला झटका लगा और कीरन पॉवेल 18 रन बनाकर मोहम्मद शमी की गेंद पर कैच आउट हुए. इसके बाद 10वें ओवर में चंद्रपॉल हेमराज 32 रन बनाकर कुलदीप यादव की गेंद पर बोल्ड हुए.
शाई होप (नाबाद 123 रन) और शिमरॉन हेटमेयर (94) की पारी की बदौलत वेस्ट इंडीज़ ने भारत पर दबाव बनाए रखा.
एक छोर पर वेस्ट इंडीज़ के विकेट गिरते रहे लेकिन होप से वेस्ट इंडीज़ को आशाएं रहीं.
इस आशा को उन्होंने 50वें ओवर की अंतिम गेंद तक बनाए रखा. अंतिम गेंद पर वेस्ट इंडीज़ को जीत के लिए 5 रन की ज़रूरत थी और होप ने चौका मारकर मैच टाई करा दिया. वेस्ट इंडीज़ ने सात विकेट के नुकसान पर कुल 321 रन बनाए.
भारत की ओर से कुलदीप यादव ने तीन विकेट, मोहम्मद शमी, उमेश यादव और युजवेंद्र चहल ने एक-एक विकेट लिए.
ये भी पढ़ें:
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)