आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
#INDvsBAN : विराट कोहली ने अब किया एक और कारनामा
भारत के कप्तान विराट कोहली ने जब बांग्लादेश के ख़िलाफ़ कोलकाता टेस्ट में अपने 32 रन पूरे किए, तो वो कप्तान के तौर पर सबसे तेज़ 5000 रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए.
इतना ही नहीं वो ऐसा करने वाले भारत के पहले कप्तान बन गए हैं.
वेस्टइंडीज़ के क्लाइव लॉयड, ऑस्ट्रेलिया के एलेन बॉर्डर और रिकी पोंटिंग, न्यूज़ीलैंड के स्टीफ़न फ़्लेमिंग और दक्षिण अफ़्रीका के ग्रैम स्मिथ के बाद ये उपलब्धि हासिल करने वाले कोहली छठे कप्तान हैं.
कप्तान के तौर पर 5000 या अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी
- ग्रैम स्मिथ (दक्षिण अफ़्रीका) - 8659 रन (109 टेस्ट)
- एलेन बॉर्डर (ऑस्ट्रेलिया) - 6623 रन (93 टेस्ट)
- रिकी पोंटिंग (ऑस्ट्रेलिया) - 6542 रन (77 टेस्ट)
- क्लाइव लॉयड (वेस्टइंडीज़) - 5233 रन (73 टेस्ट)
- स्टीफ़ेन फ़्लेमिंग (न्यूज़ीलैंड) - 5156 रन (80 टेस्ट)
- विराट कोहली (भारत) - 5000+ रन (53 टेस्ट)
31 वर्षीय विराट कोहली ने ये उपलब्धि सबसे कम पारी खेलकर हासिल की है. उन्होंने सिर्फ़ 53 टेस्ट की 86 पारियों में कप्तान के तौर पर 5000 रन पूरे किए.
पोंटिंग के नाम था रिकॉर्ड
इससे पहले ये रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग के नाम था, जिन्होंने कप्तान के तौर पर 5000 रन 97 पारियों में पूरे किए थे.
कोहली ने ये कारनामा भारत और बांग्लादेश के बीच पहली बार हो रहे डे-नाइट टेस्ट के दौरान किया. कोलकाता के ईडन गार्डंस पर दिन रात के इस टेस्ट मैच में पिंक बॉल का इस्तेमाल हो रहा है.
भारत की टीम ने पहले तो बांग्लादेश को सिर्फ़ 106 रन पर आउट कर दिया. ईशांत शर्मा ने सर्वाधिक पाँच विकेट लिए.
फिर पहले दिन का खेल ख़त्म होने तक तीन विकेट पर 174 रन बना लिए थे.
इस तरह भारतीय टीम को 68 रनों की बढ़त हासिल हो गई है. कप्तान विराट कोहली 59 और अजिंक्य रहाणे 23 रन बनाकर खेल रहे हैं.
मयंक अग्रवाल 14, रोहित शर्मा 21 और चेतेश्वर पुजारा 55 रन बनाकर आउट हुए.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)