आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
IPL2020: कौन-कौन से क्रिकेट खिलाड़ियों पर रहेगी नज़र
- Author, आदेश कुमार गुप्त
- पदनाम, बीबीसी हिंदी के लिए
- प्रकाशित
- पढ़ने का समय: 5 मिनट
दुनिया की सबसे कामयाब और सबसे महंगी क्रिकेट लीग आईपीएल यानि इंडियन प्रीमियर लीग के साल 2020 के संस्करण के लिए देसी-विदेशी खिलाड़ियों की नीलामी गुरुवार को कोलकाता में होगी.
गुरुवार को होने वाली नीलामी में 73 खिलाड़ियों को खरीदा जाना है. इसमें 29 विदेशी खिलाड़ी होंगे.
इस बार नीलामी में भारत के 19 कैप्ड खिलाड़ी हैं.
नीलामी में सबसे पहले बल्लेबाज़, फिर आलराउंडर, फिर विकेटकीपर बल्लेबाज़, फिर तेज़ गेंदबाज़ और उसके बाद स्पिनर बिकेंगे.
इस बार आईपीएल में सात ऐसे खिलाड़ी है जिनका बेस प्राइस यानि आधार मूल्य 2 करोड़ रुपये है.
इनमें ऑस्ट्रेलिया के ग्लेन मैक्सवैल, क्रिस लिन, जोश हैज़लवुड, मिचेल मार्श, पैट कमिंस, दक्षिण अफ्रीका के डेल स्टेन और श्रीलंका के एंजेलो मैथ्यूज़ शामिल है.
भारत के रॉबिन उथप्पा का बेस प्राइस 1 करोड़ 50 लाख रुपये है,जबकि पीयूष चावला, यूसुफ पठान और जयदेव उनादकट का बेस प्राइस एक करोड़ रुपये है.
आईपीएल में जिन टीमों के पास सबसे अधिक पैसा है उन्हें नीलामी में सबसे अधिक लाभ होगा क्योंकि वो बढ़-चढ़कर खिलाड़ी को खरीद सकती है.
वैसे टीमों के पास कुल मिलाकर 73 खिलाड़ियों के लिए जगह है जिनमें विदेशी खिलाड़ी भी शामिल है.
किसके पास कितने पैसे?
- चेन्नई सुपर किंग्स के पास 14.60 करोड़ रुपये हैं, और उसे दो विदेशी खिलाड़ी सहित पांच खिलाड़ी खरीदने है.
- दिल्ली कैपिटल्स के पास 27.85 करोड़ रुपये हैं और उसे 5 विदेशी खिलाड़ी सहित 11 खिलाड़ी खरीदने हैं.
- किंग्स इलेवन पंजाब के पास सबसे अधिक 42.70 करोड़ हैं और उसे चार विदेशी खिलाड़ी सहित नौ खिलाड़ी खरीदने हैं.
- कोलकाता नाइट राइडर्स के पास 35.65 करोड़ है और उसे चार विदेशी खिलाड़ी सहित 11 खिलाड़ी खरीदने हैं.
- मुंबई इंडियंस के पास 13.05 करोड़ है और उसे दो विदेशी खिलाड़ी सहित सात खिलाड़ी खरीदने हैं.
- राजस्थान रॉयल्स के पास 28.90 करोड़ है और उसे चार विदेशी खिलाड़ी सहित 11 खिलाड़ी खरीदने हैं.
- रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के पास 27.90 करोड़ रूपये हैं और उसे छह विदेशी खिलाड़ी सहित 12 खिलाड़ी खरीदने हैं.
- सनराइजर्स हैदराबाद के पास 17 करोड़ रुपये हैं और उसे दो विदेशी खिलाड़ी सहित सात खिलाड़ी खरीदने हैं.
अब लाख टके का सवाल कि इस बार किन खिलाड़ियों को गुरुवार को आईपीएल नीलामी से सबसे अधिक पैसा मिल सकता है.
क्रिकेट समीक्षक अयाज़ मेमन की मानें तो उनके अनुसार अगर ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क अपने आपको आईपीएल में उपलब्ध बताते है तो उन पर सबकी निगाहें रहेंगी.
वो कहते हैं, "पैट कमिंस दुनिया के सबसे बेहतरीन तेज़ गेंदबाज़ है. इंग्लैंड के इयोन मोर्गन ऐसे खिलाड़ी है उन पर अच्छी बोली लग सकती है. वेस्ट इंडीज़ के शिमरोन हैटमायर अचानक चर्चा में आ गए है. भारत के ख़िलाफ़ उनकी तेज़ तर्रार एकदिवसीय पारी ने सबका ध्यान उन पर रखने को मजबूर किया है."
वो कहते हैं "भारतीय खिलाड़ियों में रॉबिन उथप्पा और यशस्वी जायसवाल को अच्छा पैसा मिल सकता है."
क्या है इन खिलाड़ियों का ख़ासियत
पैट कमिंस
पैट कमिंस का इस बार आईपीएल में बेस प्राइस दो करोड़ रुपये है. वह ऑस्ट्रेलिया के तेज़ गेंदबाज़ है.
उनके पास दिल्ली डेयरडेविल्स, मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइटराइडर्स के साथ आईपीएल खेलने का अनुभव है.
आईपीएल में पैट कमिंस अभी तक 16 मैच में 17 विकेट ले चुके है. आईपीएल में वह साल 2014-15 और 2017 में खेले है.
ऑस्ट्रेलिया के लिए उन्होंने अभी तक 77 टी-20 अंतराष्ट्रीय मुक़ाबलों में 92 विकेट लिए है.
इयोन मोर्गन
इयोन मोर्गन को लेकर क्रिकेट समीक्षक अयाज़ मेमन मानते है कि उन पर फ्रैंचायज़ी दाँव खेल सकती है क्योंकि वो ना सिर्फ वह बेहतरीन बल्लेबाज़ हैं बल्कि सुलझे हुए कप्तान भी हैं.
हॉलाकि उनका बेस प्राइस एक करोड़ पचास लाख रुपये है. इयोन मोर्गन की कप्तानी में ही इंग्लैंड ने इस साल अपनी मेज़बानी में हुए विश्व कप क्रिकेट टूर्नामेंट को भी जीता.
ऐसे में जबकि किंग्स इलेवन पंजाब टीम के पास कोई कप्तान नहीं है तो पंजाब ही शायद उन्हें लेने की कोशिश करे.
लेकिन तकनीकी रूप से कोई दूसरी टीम भी अधिक बोली लगाकर उन्हें अपनी टीम में शामिल कर सकती है.
शिमरोन हेटमायर
वेस्ट इंडीज़ के शिमरोन हेटमायर का बेस प्राइस हालांकि 50 लाख रुपये है लेकिन उन्होंने जिस अंदाज़ में भारत के ख़िलाफ़ एकदिवसीय सिरीज़ के पहले मैच में चेन्नई में तूफानी 135 रन बनाए उससे वह अचानक सुर्खियों में आ गए है.
उन्हें लेकर क्रिकेट समीक्षक विजय लोकपल्ली मानते है कि वह फॉर्म में है. वैसे वह पिछले साल रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरू के लिए खेले लेकिन अधिक नहीं चमक सके.
वह वेस्ट इंडीज़ के लिए 50 टी-20 मैचों में 1033 रन बना चुके है. उनका स्ट्राइक रेट 132.94 है जो बताता है कि वह कितने ख़तरनाक बल्लेबाज़ है.
ऐसे में अगर गुरुवार को बोली में उनका नाम उछले तो आश्चर्य नहीं होना चाहिए.
शाई होप और इविन लूइस
क्रिकेट समीक्षक विजय लोकपल्ली वेस्ट इंडीज़ के शाई होप और इविन लूइस पर भी नज़र रखने को कहते है.
इसके अलावा विजय लोकपल्ली यह भी मानते है कि फ्रैंचायज़ी की नज़र इस बात पर भी होगी कि उन्हें बल्लेबाज़ की ज़रूरत है या फिर गेंदबाज़ की या आलराउंडर की.
इसके अलावा वह कितना पैसा खिलाड़ियों पर खर्च कर सकते है. कई बार फ्रैंचायज़ी खिलाड़ी के नाम पर भी उसे खरीद लेती है भले ही बाद में वह खिलाड़ी उतना कामयाब साबित ना हो.
विजय लोकपल्ली सबसे महत्वपूर्ण बात टीम संयोजन की भी बात करते है कि कौन सा खिलाड़ी कितना फिट है और अगर मौक़ा मिले तो क्या वह अपने दम पर मैच जीता सकता है.
भारतीय खिलाड़ियों की बात चलने पर विजय लोकपल्ली को अधिक उम्मीद नज़र नहीं आती. लेकिन वह पीयूष चावला और रॉबिन उथप्पा को महत्वपूर्ण खिलाड़ी मानते है.
यशस्वी जायस्वाल जो केवल 17 साल के ही है उन्होंने पिछले दिनों लिस्ट-A मैच में मुंबई के लिए खेलते हुए विजय हज़ारे ट्रॉफी में झारखंड के ख़िलाफ़ 203 रनों की रिकॉर्ड तोड़ पारी खेली.
क्रिस मॉरिस
दक्षिण अफ्रीका के क्रिस मॉरिस इससे पहले चेन्नई सुपर किंग्स, राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली डेयरडेविल्स के लिए आईपीएल खेल चुके है.
विजय लोकपल्ली उन पर भी नज़र रखने को कहते है. मॉरिस आईपीएल में अभी तक 61 मैचों में 69 विकेट के अलावा 517 रन भी बना चुके है.
इनका बेस प्राइस दो करोड़ रुपये है.
क्रिस लिन
ऑस्ट्रेलिया के क्रिस लिन ने अभी तक आईपीएल में 41 मैचों में 1280 रन बनाए है. उनका स्ट्राइक रेट इस साल आईपीएल में 139.65 था.
इस साल आईपीएल में उन्होंने 405 रन बनाए. वह डेक्कन चार्जस और कोलकाता नाइटराइडर्स के लिए खेल चुके है. उन पर भी पैसों की बरसात हो सकती है.
आईपीएल में गुरुवार को ग्लेन मैक्सवैल, जेसन रॉय, कॉलिन ग्रैंडहोम, मुस्तफ़िज़ुर रहमान और अलज़ारी जोसफ की क़िस्मत भी खुल सकती है.
वैसे क्रिकेट समीक्षक अयाज़ मेमन और विजय लोकपल्ली एक बात पर सहमत थे कि आईपीएल में किस खिलाड़ी पर कितनी बोली लग जाए इसे लेकर निश्चित रूप से कुछ नहीं कहा जा सकता.
इतने सारे खिलाड़ियों में पांच-छह नाम चुनना बेहद मुश्किल है. अब देखना है कि किसके नाम कितनी बोली लगती है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)