आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
आईपीएल 2021: फिर शिखर पर धवन, पंजाब के 195 रन पड़े फीके, दिल्ली जीती
शिखर धवन के बेहतरीन 92 रनों की मदद से दिल्ली कैपिटल्स ने पंजाब किंग्स को 6 विकेट से हरा दिया है. आईपीएल 2021 का यह 11वाँ मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया.
दिल्ली ने जब 196 रनों के लक्ष्य का पीछा शुरू किया तब उसके सलामी बल्लेबाज़ों का नज़रिया बिल्कुल साफ़ था.
29 गेंदों पर दिल्ली ने 50 रन और पावरप्ले (पहले छह ओवर) में 62 रन बना लिए. पहले पृथ्वी शॉ का बल्ला गरजा. फिर शिखर बरसे. पृथ्वी शॉ पहले आउट हुए. उन्होंने 17 गेंदों पर 32 रन बनाए. पहले विकेट के लिए दोनों ने 59 रनों की साझेदारी निभाई.
शिखर शुरू से ही आक्रामक खेल रहे थे. उन्होंने आठ चौके की मदद से 31 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया. उनकी तेज़ बैटिंग का ही नतीजा था कि दिल्ली ने 11वें ओवर की पहली गेंद पर 100 रन पूरे किए और 14.2 ओवर में (86 गेंदों पर) दिल्ली का स्कोर 150 रन पर पहुँच गया. लेकिन इसी ओवर में शिखर धवन आउट हो गए.
15वें ओवर में दिल्ली का तीसरा विकेट 152 के स्कोर पर शिखर के रूप में गिरा. 13 चौके, दो छक्के की मदद से शिखर धवन ने 49 गेंदों पर 92 रनों की पारी खेली. इसके बाद कप्तान ऋषभ पंत भी 15 रन बनाकर पवेलियन लौट गए.
हालाँकि मार्कस स्टोइनिस और ललित यादव ने इसके बाद कोई और विकेट नहीं गिरने दिया और दिल्ली 6 विकेट से मैच जीत गई. स्टोइनिस ने 13 गेंदों में 27 रन बनाए.
इससे पहले पंजाब ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों की अर्धशतकीय पारी की बदौलत दिल्ली के सामने 196 रनों का लक्ष्य रखा है.
दिल्ली के कप्तान ऋषभ पंत ने टॉस जीता, पंजाब को पहले बल्लेबाज़ी के लिए उतारा. लेकिन कप्तान केएल राहुल और मयंक अग्रवाल की सलामी जोड़ी ने दिल्ली के गेंदबाज़ों को कामयाबी का मौका नहीं दिया और शतकीय साझेदारी निभाई.
13वें ओवर की चौथी गेंद पर जब मयंक आउट हुए तब स्कोरबोर्ड पर पंजाब के 122 रन दिख रहे थे. मयंक ने 36 गेंदों पर 7 चौके 4 छक्के की मदद से 69 रन बनाए.
इसके कुछ देर बाद ही कप्तान केएल राहुल भी आउट हो गए. उन्होंने 51 गेदों पर 7 चौके और दो छक्के की मदद से 61 रन बनाए. 141 के योग पर 15,2 ओवर्स में पंजाब का दूसरा विकेट गिरा.
इसके बाद क्रिस गेल भी 9 गेंदों पर 11 रन बनाकर आउट हो गए. निकोलस पूरन ने 9 रन बनाए. वहीं दीपक हुड्डा एक बार फिर तेज़ पारी खेली और पंजाब के स्कोर को रन पर पहुँचाने में बड़ी भूमिका निभाई. दीपक हुड्डा ने 22 रन बनाए. वहीं शाहरूख़ ख़ान ने भी पाँच गेंदों पर 15 रन जोड़े.
पंजाब और दिल्ली की टीमें आईपीएल में अब तक कुल 26 बार आपस में भिड़ी हैं. इनमें से पंजाब 15 बार और दिल्ली 11 बार विजयी रही है.
पंजाब किंग्स की टीम
केएल राहुल (कप्तान), मयंक अग्रवाल, क्रिस गेल, दीपक हुड्डा, निकोलस पूरन, शाहरूख़ ख़ान, जलज सक्सेना, जाय रिचर्डसन, मोहम्मद शमी, रिले मेरेडिथ और अर्शदीप सिंह.
दिल्ली कैपिटल्स की टीम
पृथ्वी शॉ, शिखर धवन, स्टीव स्मिथ, ऋषभ पंत (कप्तान), मार्कस स्टोइनिस, ललित यादव, क्रिस वोक्स, रविचंद्रन अश्विन, कगिसो रबाडा, अवेश ख़ान और लुकमान मेरिवाला.
ये भी पढ़ें
- आईपीएल 2021: बेंगलुरु की तीसरी जीत, 38 रनों से कोलकाता की हार
- आईपीएल 2021: ड्रॉप कैच, हिट विकेट, डायरेक्ट थ्रो और आठ रन पर पाँच विकेट का थ्रिलर
- आईपीएल 2021: हैदराबाद के हार की हैट्रिक, मुंबई की 13 रन से जीत
- आईपीएल 2021: ड्रीम बॉल, चाहर के चार और धोनी का मास्टरस्ट्रोक
- आईपीएल 2021: चाहर वार से बिखरे किंग्स, चेन्नई को मिली पहली जीत
- आईपीएल 2021: चार छक्के और जीत पक्की, संजू देखो ये हैं मॉरिस!
- आईपीएल 2021: शाहबाज़-मैक्सवेल का कमाल और कोहली का 'गुस्सा'
- आईपीएल 2021: रसेल के पंजे पर चाहर का चौका पड़ा भारी
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)