आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
न्यूज़ीलैंड फ़ॉलोऑन करने के बाद भी इंग्लैंड से कैसे जीता, ग़ज़ब का रहा रोमांच
मंगलवार की सुबह क्रिकेट की दुनिया को एक बेहतरीन, संघर्षपूर्ण और रोमांचक मैच देखने को मिला.
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की दो दिग्गज टीमों की भिड़ंत और नतीजा एकदम अप्रत्याशित रहा.
वेलिंगटन में इंग्लैंड और न्यूज़ीलैंड के बीच हुए दूसरे टेस्ट में एकाएक पासा पलटा.
मेज़बान न्यूज़ीलैंड ने एक असंभव से लग रहे मुक़ाबले को एक रन के अंतर से जीत लिया.
न्यूज़ीलैंड की क्रिकेट टीम इस जीत से गदगद है और इससे भी ज़्यादा गदगद हैं टेस्ट क्रिकेट के प्रशंसक जिन्हें एक बेहतरीन मैच देखने को मिला.
ये मैच क्रिकेट की दुनिया में अब तक के सबसे बेहतरीन मैचों में से एक था.
ये टेस्ट मैच इसलिए भी यादगार बन गया क्योंकि न्यूज़ीलैंड को इस टेस्ट में पहली पारी में इंग्लैंड के भारी भरकम स्कोर के बाद फ़ॉलोऑन करना पड़ा था.
ये सिर्फ़ चौथी बार हुआ है कि फ़ॉलोऑन करने के बाद टीम ने टेस्ट मैच में जीत हासिल की है.
ऐसा पहली बार हुआ है कि न्यूज़ीलैंड की टीम फ़ॉलोऑन करने के बाद भी टेस्ट मैच जीती है.
दूसरी पारी में इंग्लैंड को इस टेस्ट में जीत हासिल करने के लिए 258 रनों की आवश्यकता थी.
चौथे दिन का खेल समाप्त होने तक इंग्लैंड ने एक विकेट पर 48 रन बना लिए थे. यानी इंग्लैंड को जीत हासिल करने के लिए पाँचवें दिन 210 और रन बनाने थे और उनके पास नौ विकेट बचे हुए थे.
लेकिन इंग्लैंड की जीत को तय मानने वाले क्रिकेट के सारे पंडित नाकाम हुए और इंग्लैंड की टीम 256 रन बनाकर आउट हो गई.
ये भी पढ़ें:-
कहानी वेलिंगटन टेस्ट की
आइए आपको इस टेस्ट की कहानी शुरू से बताते हैं.
दो टेस्ट मैचों की सिरीज़ में 1-0 से बढ़त लेने के बाद उत्साह से भरी इंग्लैंड की टीम वेलिंगटन पहुँची थी.
पहला टेस्ट इंग्लैंड ने 267 रनों के बड़े अंतर से जीता था.
वेलिंगटन में इंग्लैंड की शुरुआत ज़बरदस्त रही.
पहले बल्लेबाज़ी करते हुए इंग्लैंड ने पहली पारी में आठ विकेट पर 435 रन बनाकर पारी समाप्ति की घोषणा कर दी.
इंग्लैंड के इस विशाल स्कोर में मुख्य भूमिका निभाई हैरी ब्रुक और जो रूट ने. हैरी ब्रुक ने 186 रन बनाए जबकि जो रूट ने 153 रनों की नाबाद पारी खेली.
पहला टेस्ट मैच हारने और इंग्लैंड की पहली पारी के स्कोर के आगे न्यूज़ीलैंड की टीम काफ़ी दबाव में दिखी.
इसका नतीजा ये हुआ कि न्यूज़ीलैंड की टीम पहली पारी में 209 रन बनाकर आउट हो गई.
इंग्लैंड के स्टुअर्ट ब्रॉड ने चार विकेट लिए जबकि जेम्स एंडरसन और जैक लीच ने तीन-तीन विकेट लिए.
न्यूज़ीलैंड की टीम को फ़ॉलोऑन करना पड़ा. लेकिन दूसरी पारी में न्यूज़ीलैंड ने कमाल कर दिया.
इंग्लैंड की टीम ने सोचा होगा कि वे बस जीत से कुछ ही क़दम दूर है. लेकिन न्यूज़ीलैंड के केन विलियम्सन ने ज़बरदस्त पारी खेली.
विलियम्सन ने सर्वाधिक 132 रन बनाए जबकि टॉम ब्लंडेल ने 90 और टॉम लाथम ने 83 रनों का योगदान दिया.
पहली पारी में 209 रन पर आउट होने वाली न्यूज़ीलैंड की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए दूसरी पारी में 483 रन बनाए.
इंग्लैंड के जैक लीच ने पाँच विकेट लिए, लेकिन इस पारी में वे बहुत महंगे साबित हुए.
अब इंग्लैंड को जीत के लिए 258 रनों का लक्ष्य मिला.
लेकिन इंग्लैंड के लिए ये लक्ष्य भारी पड़ा. पाँचवें दिन इंग्लैंड को 210 रनों की आवश्यकता थी और उनके पास नौ विकेट थे.
लेकिन इंग्लैंड ने पाँच विकेट मात्र 80 रन पर गँवा दिए.
पहली पारी में शतक लगाने वाले जो रूट एक बार फिर टीम के संकटमोचक बनते दिखे.
उनके और कप्तान बेन स्टोक्स के बीच छठे विकेट के लिए 121 रनों की साझेदारी भी हुई. ऐसा लगा जैसे इंग्लैंड की टीम मैच जीत जाएगी.
लेकिन बेन स्टोक्स के आउट होने के तुरंत बाद जो रूट 90 रन बनाकर आउट हो गए.
एक समय इंग्लैंड का स्कोर था आठ विकेट पर 215 रन. लेकिन जैक लीच और बेन फ़ोक्स ने नौवें विकेट के लिए 36 रन जोड़कर इंग्लैंड की उम्मीदें बढ़ाईं.
इंग्लैंड का जब नौवाँ विकेट गिरा, उस समय स्कोर था 251 रन यानी जीत के लिए इंग्लैंड को मात्र सात रनों की आवश्यकता थी.
जेम्स एंडरसन ने एक चौका लगाकर एक बार फिर इंग्लैंड की उम्मीदों को बल दिया. लेकिन फिर वे आउट हो गए और न्यूज़ीलैंड की टीम एक रन से जीत गई.
ये भी पढ़ें:-
प्रतिक्रिया
मैच के बाद इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने कहा कि ये मैच टेस्ट क्रिकेट के बारे में बताता है और ये मैच अद्भुत था.
उन्होंने कहा कि उनकी टीम और न्यूज़ीलैंड की टीम क़रीब-क़रीब एक ही भावना से गुज़र रही होगी.
बेन स्टोक्स ने मैच के नतीजे से ज़रूर निराशा जताई. उन्होंने कहा कि ऐशेज़ में अभी समय है और उन्हें उम्मीद है कि उनकी टीम अच्छा करेगी.
न्यूज़ीलैंड के केन विलयम्सन को प्लेयर ऑफ़ द मैच का पुरस्कार मिला. उन्होंने भी इस टेस्ट मैच की सराहना की और कहा कि इस मैच में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने योगदान दिया.
सोशल मीडिया पर भी लोग इस टेस्ट मैच को बेहतरीन मैच बता रहे हैं.
भारत के पूर्व क्रिकेटर वीरेंदर सहवाग ने भी इस टेस्ट की सराहना की है.
उन्होंने ट्विटर पर लिखा- टेस्ट क्रिकेट सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट है. क्या शानदार मैच था. इंग्लैंड और न्यूज़ीलैंड के बीच का टेस्ट मैच हाल के समय के सबसे नाटकीय मैचों में से एक था. एक रोमांचक मैच. फ़ॉलोऑन के बाद न्यूज़ीलैंड ने शानदार जीत हासिल की. इंग्लैंड ने भी अच्छा किया और क्रिकेट के इस बेहतरीन फ़ॉर्मेट को और रोमांचक बनाया.
पूर्व क्रिकेटर वसीम जाफ़र ने कहा- फ़ॉलोऑन के बाद एक रन से जीत. टेस्ट क्रिकेट का इससे बेहतर विज्ञापन क्या हो सकता है. न्यूज़ीलैंड की टीम शानदार खेली.
वरिष्ठ पत्रकार राजदीप सरदेसाई ने लिखा है- न्यूज़ीलैंड की टीम ने इंग्लैंड को एक रन से हरा दिया. ऐसा टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में मात्र दूसरी बार हुआ है.
कांग्रेस के सांसद शशि थरूर ने भी मैच का ज़िक्र करते टेस्ट क्रिकेट की सराहना की है.
पूर्व भारतीय क्रिकेटर मुनाफ़ पटेल ने इस टेस्ट मैच में न्यूज़ीलैंड की बेहतरीन वापसी पर टीम को बधाई दी है.
ये भी पढ़ें:-
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर,इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)