आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया: टूट सकता है टेस्ट क्रिकेट का दस साल पुराना ये रिकॉर्ड
बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का चौथा और आख़िरी टेस्ट मैच गुरुवार से अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शुरू हो रहा है.
फ़िलहाल चार टेस्ट मैचों की सिरीज़ में भारत 2-1 की बढ़त हासिल किए हुए है.
अगर भारत सिरीज़ का आख़िरी टेस्ट जीतता है तो जून में लंदन के ओवल मैदान में खेले जाने वाले आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फ़ाइनल में पहुँच जाएगा, जहाँ उसका सामना ऑस्ट्रेलिया से होगा.
रोहित शर्मा की अगुवाई में टीम इंडिया हर हाल में इस मैच को जीत कर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में जगह पक्की करना चाहेगा.
इसके अलावा यह टेस्ट मैच कुछ अन्य वजहों से भी ख़ास होने वाला है. टेस्ट मैच के पहले दिन सर्वाधिक दर्शकों की संख्या का विश्व रिकॉर्ड बन सकता है. टेस्ट क्रिकेट में किसी टेस्ट मैच में एक दिन सबसे ज़्यादा दर्शकों का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में बना था.
- बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का चौथा भारत-ऑस्ट्रेलिया टेस्ट मैच गुरुवार से अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शुरू हो रहा है.
- टेस्ट मैच के पहले दिन भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथोनी अल्बनीज मैच देखने के लिए मौजूद रहेंगे.
- टेस्ट को जीतने की स्थिति में भारत वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फ़ाइनल में पहुंच जाएगा.
2013-2014 में ऐशज़ सिरीज़ के दौरान मेलबर्न टेस्ट में 91,112 दर्शकों की मौजूदगी थी. गुरुवार को ये रिकॉर्ड टूट सकता है.
सुरक्षा व्यवस्था के चलते दर्शकों की संख्या कम
उम्मीद की जा रही है कि अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में पहले दिन एक लाख से ज़्यादा दर्शक मौजूद होंगे. स्टेडियम की क्षमता एक लाख 32 हज़ार दर्शकों की है. मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि क़रीब एक लाख टिकटों की बुकिंग हो चुकी है.
इसके अलावा इस मैच का मुख्य आकर्षण के तौर पर भारत और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री भी स्टेडियम में मौजूद होंगे. भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ टॉस के दौरान स्टेडियम में मौजूद होंगे.
स्थानीय प्रशासन ने इसके चलते सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भारी इंतज़ाम किए हैं. पहले यह आशंका जताई जा रही थी कि सुरक्षा व्यवस्था के चलते दर्शकों की संख्या कम होगी, लेकिन ऑनलाइन टिकटों की उपलब्धता और दर्शकों को स्टेडियम तक लाने के लिए क़रीब तीन हज़ार बसों की तैनाती से स्थिति सामान्य बताई जा रही है.
बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में अब तक का प्रदर्शन
बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का पहला टेस्ट मैच नागपुर में खेला गया था. इस मैच में पहले खेलने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम 63.5 ओवर में केवल 177 रन बनाकर ऑल आउट हो गई थी. ऑस्ट्रेलिया के लिए मार्नस लाबुशन और स्टीवन स्मिथ ने क्रमश: 49 और 37 रन बनाए.
मैच के पहले दिन ही भारत की पहली पारी शुरू हो गई. भारत ने पहली पारी में 400 रन बनाए. भारतीय टीम की ओर से कप्तान रोहित शर्मा ने 120 रन बनाए. अक्षर पटेल, रवींद्र जडेजा और मोहम्मद शमी ने क्रमश: 84, 70 और 37 रनों का योगदान दिया था.
भारत ने ये टेस्ट एक पारी और 132 रनों से जीत लिया था. मैच के तीसरे दिन ऑस्ट्रेलियाई पारी 32 ओवरों में 91 रनों पर सिमट गई थी. रवींद्र जडेजा ने दोनों पारियों में कुल सात विकेट लिए जबकि रविचंद्रन अश्विन ने आठ विकेट लिए.
जडेजा ने पहली पारी में पाँच विकेट लिए जबकि अश्विन ने दूसरी पारी में पांच विकेट झटके. वहीं दूसरी ओर ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर टॉड मर्फी ने सात विकेट लिए.
नई दिल्ली में खेले गए दूसरे टेस्ट में भारत छह विकेट से जीता. ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में 263 रन बनाए. जवाब में भारत ने पहली पारी में 262 रन बनाए.
लेकिन दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलियाई टीम भारत को बड़ा टारगेट देने में नाकाम रही और 113 रन पर सिमट हो गई. रवींद्र जडेजा ने इस पारी में सात विकेट लिए.
भारत के सामने जीत के लिए 115 रन का लक्ष्य था, जिसे भारतीय टीम ने चौथी पारी में 26.4 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया.
इसे भी पढ़ें- टीम इंडिया को नंबर-1 बनना है तो क्या-क्या करना होगा?
इंदौर में खेले गए तीसरे टेस्ट में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने वापसी की. भारतीय टीम पहली पारी में 33.2 ओवर में महज 109 रन पर आउट हो गई.
जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में 197 रन बनाकर अच्छी बढ़त बना ली. दूसरी पारी में बड़ा स्कोर करने के इरादे से उतरी भारतीय टीम फिर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन करने में नाकाम रही और 163 रन पर आउट हो गई.
ऑस्ट्रेलिया के सामने महज 76 रनों का लक्ष्य था. मैच के तीसरे दिन महज एक विकेट के नुकसान पर मेहमान टीम ने लक्ष्य हासिल कर लिया.
इस तरह भारत इस समय ऑस्ट्रेलिया-भारत सीरीज में 2-1 से आगे चल रहा है. ख़ास बात यह है कि सिरीज़ के पहले तीनों टेस्ट मैच का फ़ैसला तीन दिनों के भीतर ही हो गया है.
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का गणित
इंदौर टेस्ट जीत कर ऑस्ट्रेलिया ने जून में लंदन के ओवल में होने वाली वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फ़ाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है.
अगर अहमदाबाद में होने वाले मैच का नतीजा भारत के पक्ष में जाता है तो भारत भी फ़ाइनल में प्रवेश कर जाएगा, जहां उसकी टक्कर ऑस्ट्रेलिया से होगी.
ऑस्ट्रेलिया वर्तमान में नौ टीमों के बीच 148 अंकों के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर है जबकि भारत 123 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है.
भारत अगर यह मैच जीत जाता है तो श्रीलंका और न्यूजीलैंड के बीच होने वाली दो टेस्ट मैचों की सिरीज के नतीजों का वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फ़ाइनल पर कोई असर नहीं पड़ेगा.
अगर श्रीलंका न्यूजीलैंड को 2-0 से हरा देता है और भारत अहमदाबाद टेस्ट हार जाता है तो श्रीलंका विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फ़ाइनल में ऑस्ट्रेलिया से भिड़ सकता है.
फ़िलहाल श्रीलंका अंक तालिका में भारत के बाद तीसरे स्थान पर है.
इनके अलावा कुछ खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर भी नज़रें होंगी. चेतेश्वर पुजारा मौजूदा भारतीय टीम में ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ सबसे कामयाब बल्लेबाज़ हैं. चेतेश्वर पुजारा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 20 मैचों में 54.08 की औसत से 1893 रन बनाए हैं. इसमें पांच शतक और दस अर्धशतक शामिल हैं.
विराट कोहली ने ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ 20 टेस्ट मैचों में 48.06 की औसत से 1682 रन बनाए हैं, जिसमें सात शतक और पांच अर्धशतक शामिल हैं.
पुजारा को घरेलू दर्शकों के सामने खेलने का लाभ मिलेगा. यही लाभ रवींद्र जडेजा को मिलेगा, जो इस सिरीज़ में ख़ासे कामयाब रहे हैं.
वहीं रोहित शर्मा और विराट कोहली अब तक ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ दोहरा टेस्ट शतक नहीं लगा पाए हैं, इन दोनों से पहले कप्तान रहे महेंद्र सिंह धोनी ने साल 2013 में ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ दोहरा शतक जमाया था.
बहरहाल, पिछली तीन बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी भारतीय टीम ने जीती है. चौथी बार ट्रॉफ़ी पर कब्ज़े के लिए टीम हर हाल में ये मुक़ाबला हारना नहीं चाहेगी.
ऑस्ट्रेलिया के सामने सिरीज़ में बराबरी करने का मौक़ा है. ऑस्ट्रेलियाई टीम ने भारत में आख़िरी बार गावस्कर बॉर्डर सीरीज 2014-15 में जीती थी.
ये भी पढ़ें...
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक,ट्विटर,इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)