पेरिस: 53 घंटे, 6 मौतें

प्रकाशित

फ्रांसीसी मीडिया ने ख़बर दी है कि शार्ली एब्डो के हमलावर भाईयों समेत सुपरमार्केट का हमलावर भी पुलिस कार्रवाई में मारे गए हैं.

एएफ़पी समाचार एजेंसी ने कहा है कि दमार्तां में प्रिंटिंग गोदाम में जिस शख्स को हमलावरों ने बंधक बनाया था उन्हें आज़ाद करा लिया गया है.

हालांकि तीन बंधकों के मारे जाने की ख़बरें हैं.

पेरिस से मिली ख़बरों के अनुसार यहूदियों के कोशर सुपरमार्केट में लोगों को बंधक बनाने वाले हमलावर को भी पुलिस ने मार गिराया है.

सुपरमार्केट में कुछ लोगों के मारे जाने की भी ख़बरें मिली हैं.

कुछ देर पहले ही फ्रांसीसी पुलिस ने दमार्तां में शार्ली एब्डो के हमलावरों और सुपरमार्केट के हमलावर पर शिकंजा कसा था.

स्थानीय मीडिया की ख़बरों के मुताबिक़ कई बंधकों को सुपरमार्केट से आज़ाद कराया गया था.

दमार्तां में मौजूद बीबीसी संवाददाता क्रिस मॉरिस के मुताबिक़ प्रिंटिंग गोदाम में कई धमाके हुए थे, जो ग्रेनेड फेंके जाने से हुए हो सकते हैं.

पुलिस कार्रवाई से पहले फ्रांसीसी मीडिया ने कुछ पुलिसकर्मियों के हवाले से कहा था कि पोर्ट डे वानसेन इलाक़े के सुपरमार्केट में लोगों को अगवा करने वाले हमलावर ने शार्ली एब्डो हमले के संदिग्धों को छोड़ने की मांग रखी है.

हथियारबंद पुलिस ने पूरे पोर्ट डे वानसेन इलाक़े को सील कर दिया था और लोगों को वहां से हटा दिया था.

पुलिस ने मशहूर यहूदी इलाक़े मारे में सभी दुक़ानों को बंद करने के आदेश दिए थे.

एक सूत्र के मुताबिक़ सुपरमार्केट में मौजूद हमलावर वही था, जिसने गुरुवार को पेरिस के मॉनरूज़ इलाक़े में एक महिला पुलिसकर्मी की गोली मारकर हत्या की थी.

हथियारबंद पुलिस ने इलाक़े को खाली करा लिया है.

<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक करें</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link>. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)</bold>