इस्लामिक स्टेट ने पायलट को 'ज़िंदा जलाया'

प्रकाशित

जॉर्डन के सरकारी टेलीविजन ने इस बात की पुष्टि की है कि इस्लामिक स्टेट के चरमपंथियों ने जिस पायलट को बंधक बनाया था उसकी हत्या कर दी गई है.

आईएस ने एक वीडियो जारी किया है जिसमें दिखाया गया है कि मोएज़ अल कसासबेह नाम के इस पायलट को तब तक जलाया गया जब तक कि उनकी मौत नहीं हो गई.

वीडियो में एक लोहे के पिंजरे आग की लपटें उठ रही हैं और इसके भीतर नारंगी रंग के कपड़े पहने एक व्यक्ति है.

जॉर्डन पायलट

इस वीडियो को ट्विटर पर जारी किया गया है. इस ट्विटर अकाउंट के ज़रिए ही आईएस अपनी गतिविधियों का प्रचार-प्रसार करता है.

कसासबेह को पिछले साल दिसंबर महीने में उस वक्त बंधक बनाया गया था जब उनका विमान सीरिया में रक़्क़ा के पास उड़ रहा था. ये विमान अमरीकी नेतृत्व वाली गठबंधन सेनाओं की मदद के लिए जा रहा था.

कसासबेह की मौत की ख़बर सुनते जॉर्डन के राजा अब्दुल्ला ने अपनी अमरीका यात्रा को बीच में ही रोक दिया और वापस जॉर्डन आ गए. उन्होंने देश के लोगों से एकजुट रहने की अपील की है.

जॉर्डन पायलट

हत्या के वीडियो पर अमरीका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी है.

ओबामा ने कहा है,"अगर यह सही है तो ये आईएस की विचारधारा के दिवालिएपन को दिखाता है और इससे चरमपंथियों को नष्ट करने के लिए अंतरराष्ट्रीय समुदाय की प्रतिबद्धता और मज़बूत होगी."

इससे पहले, जॉर्डन ने कहा था कि वह चरमपंथी संगठन इस्लामिक स्टेट के कब्ज़े से अपने पायलट को छुड़ाने के लिए हर प्रयास करेगा.

जॉर्डन सरकार का यह बयान जापानी बंधक केंजी गोटो का सिर क़लम करने वाले वीडियो के जारी होने के बाद आया था.

जॉर्डन ने कहा था कि वो पायलट की सुरक्षित वापसी के बदले एक इराक़ी क़ैदी को रिहा करने के लिए तैयार हैं.

<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक करें</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link>. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)</bold>