आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
क्या ये रोजर फ़ेडरर की सबसे बुरी हार है
पाँच बार के चैम्पियन स्विट्ज़रलैंड के रोजर फ़ेडरर दुनिया के 55वें नंबर के खिलाड़ी जॉन मिलमैन से हारकर यूएस ओपन से बाहर हो गए हैं.
साल के आख़िरी ग्रैंड स्लैम में रोजर फ़ेडरर के लिए ये मुक़ाबला कभी ना भूलने वाला मैच बन गया. पहली बार फ़ेडरर यूएस ओपन में टॉप 50 के बाहर के किसी खिलाड़ी से हारे हैं.
तीन घंटे 38 मिनट तक चले इस मैच में ऑस्ट्रेलिया के जॉन मिलमैन ने फ़ेडरर को 3-6, 7-5, 7-6 (9-7), 7-6 (7-3) से मात दी.
अब क्वार्टर फ़ाइनल में मिलमैन का मुक़ाबला नोवाक जोकोविच से होगा.
29 वर्षीय मिलमैन ने कभी भी टॉप-10 के खिलाड़ी को नहीं हराया था. लेकिन एकाएक उन्होंने दुनिया के महान टेनिस खिलाड़ियों में से एक रोजर फ़ेडरर को मात दी है.
वैसे तो रोजर फ़ेडरर को अपने करियर में कई उतार-चढ़ाव का सामना करना पड़ा है. लेकिन आइए नज़र डालते हैं फ़ेडरर के पाँच सबसे बुरी हार पर.
1. विंबलडन (2013)
2012 के विंबलडन चैम्पियन फ़ेडरर के सामने थे 116वीं रैंक के खिलाड़ी यूक्रेन के सर्गेई स्टैकोवस्की. विंबलडन के दूसरे ही दौर में स्टैकोवस्की ने उन्हें चार सेटों में 6-7, 7-6, 7-5 और 7-5 से मात दी थी.
2. यूएस ओपन- 2011
उस समय फ़ेडरर जोकोविच पर भारी पड़ रहे थे. लेकिन एकाएक मैच का पासा पलट गया. एक समय फ़ेडरर दो सेट से आगे थे और जोकोविच एक भी सेट नहीं जीते थे.
पाँचवें सेट में फ़ेडरर को डबल मैच प्वाइंट भी मिले लेकिन फ़ेडरर ने उसे गँवा दिया. मैच जीतने के इतने क़रीब आने के बाद भी फ़ेडरर वो मैच हार गए. जोकोविच ने उन्हें 6-7, 4-6, 6-3, 6-2 और 7-5 से हरा दिया.
3. डब्लूटीएफ़- 2009
कई बार कुछ खिलाड़ी ऐसे होते हैं, जिन्हें एक ख़ास खिलाड़ी बार-बार हराता है. फ़ेडरर और यूक्रेन के निकोलाय डेविडेन्को के बीच ऐसा ही रिश्ता था. दोनों के बीच 21 मैच हुए हैं और फ़ेडरर 19 बार जीते हैं. डेविडेन्को ने जो दो मैच जीते हैं, उनमें से एक मैच 2009 का वर्ल्ड टुअर फ़ाइनल्स भी था. और फ़ेडरर ये मैच हार गए. डेविडेन्को ने उन्हें 6-2, 4-6 और 7-5 से मात दी.
4. फ़्रेंच ओपन- 2008
कम से कम फ़ेडरर और रफ़ाएल नडाल के बीच ऐसे मैच की किसी ने कल्पना नहीं की थी. फ़ेडरर कोई बुरे फॉर्म में भी नहीं थे. लेकिन ये मैच एकतरफ़ा साबित हुआ और नडाल ने फ़ेडरर को न संभलने का मौक़ा दिया और न ही उबरने का. नडाल ने 6-1, 6-3 और 6-0 से मैच जीता. तीसरे सेट में फ़ेडरर एक गेम भी नहीं जीत पाए.
5. मॉन्टे कार्लो- 2005
उस समय रोजर फ़ेडरर अच्छे दौर में थे. कई मैच वे हारे तो कई बार जीतते जीतते रह गए. लेकिन मॉन्टे कार्लो में उन्हें उस समय 18 साल के क्वालिफ़ायर रिचर्ड गैसके से हार गए. पहला सेट जीतने के बाद भी फ़ेडरर ये मैच हार गए. गैसके ने उन्हें 6-7, 6-2 और 7-6 से मात दी.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)