आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
वर्ल्ड कप 2019: जेसन रॉय ने पहले गेंदबाज़ों और फिर अंपायर को किया चित
वर्ल्ड कप में एक शतक पूरा करने की ख़ुशी कैसी होती है? बल्लेबाज़ तरह-तरह से जश्न मनाते हैं पर इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज़ जेसन रॉय के साथ कुछ अजीब हुआ.
शनिवार को बांग्लादेश के ख़िलाफ़ जेसन रॉय ने अपने करियर की नौवीं सेंचुरी बनाई और इसी क्रम में कुछ ऐसा हुआ कि वो अंपायर जोएल विल्सन से बुरी तरह टकरा गए.
टक्कर इतनी तेज़ थी कि जेसन के संभालने से पहले ही विल्सन ज़मीन पर गिर पड़े. ज़ाहिर है जो कुछ हुआ वो जितना अप्रत्याशित जेसन रॉय और अंपायर जोएल विल्सन के लिए था, उतना ही दर्शकों के लिए.
विल्सन के गिरते ही स्टेडियम में मौजूद दर्शकों को उठकर खड़े होते, चिल्लाते और हंसते हुए देखा गया. इसके बाद देर तक ट्विटर पर भी देर तक यह 'टकराव' छाया रहा.
हालांकि विल्सन के गिरते ही जेसन रुके और उन्होंने अंपायर को सहारा देकर उठाया और उनका हाल पूछा. इसके बाद मेडिकल टीम ने भी जोएल विल्सन की जांच की और पाया कि उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई है.
ये भी पढ़ें: वर्ल्ड कप की टीम इंडिया धोनी की है या कोहली की?
कैसे हुई टक्कर?
ये वाकया इंग्लैंड की पारी के 27वें ओवर में हुआ जब बांग्लादेश की ओर से मुस्तफ़िज़ुर रहमान गेंदबाज़ी कर रहे थे और रॉय 96 रनों पर बैटिंग कर रहे थे. ये उस ओवर की पांचवीं गेंद थी और गेंद रॉय के बल्ले से टकराकर बाउंड्री की ओर जाने लगी.
सबकी निगाहें गेंद पर थी और इस बीच रॉय रन लेने के लिए भागे, वो रन लेने के लिए इतनी जल्दी में थे कि मैदान पर खड़े अंपायर जोएल विल्सन से जा टकराए.
हालांकि तब तक गेंद बाउंड्री लाइन को छू गई थी और इसी के साथ रॉय का शतक भी पूरा हो चुका था. रॉय ने पहले विल्सन को सहारा देकर उठाया, उनका हाल पूछा और इसके बाद ही शतक पूरा होने का जश्न मनाया.
ये भी पढ़ें: जब जडेजा की वजह से टूटा दिल बुमराह ने जोड़ा
इसके बाद जेसन रॉय और उनके इस टक्कर की चर्चा सोशल मीडिया पर होने लगे.Jason Roy ट्विटर पर ट्रेंड करने लगा और इस वाकए से जुड़ी तस्वीरें, वीडियो और मीम्स शेयर किए जाने लगे.
क्रिकेट वर्ल्ड कप के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ये सारी तस्वीरें ट्वीट की गईं और लिखा गया- "100 रन पूरे होने का जश्न मनाने का जेसन रॉय का अनोखा तरीका. हमें ख़ुशी है कि अंपायर जोएल विल्सन फिर से अपने पैरों पर खड़े हैं और मुस्कुरा रहे हैं."
The CricViz Analyst नाम के ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया गया, "पिछले वर्ल्डकप से लेकर अब तक जेसन रॉय के अलावा अगर किसी और ने 150 रन बनाए हैं, तो वो हैं रोहित शर्मा."
ये भी पढ़ें: भारत का ऑस्ट्रेलिया के साथ मुक़ाबला आसान नहीं होगा
साद ने ट्वीट किया, "जेसन रॉय गेंद देखने के लिए इतने उत्सुक थे कि अपांयर को भी नहीं देख पाए."
जेसन रॉय ने इस मैच में 153 रनों की पारी खेली. इंग्लैंड ने बांग्लादेश के सामने 387 रनों का विशाल लक्ष्य सामने रखा है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)