आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
विश्व कप 2019: इंग्लैंड बनाम बांग्लादेश के मैच में विकेट उड़ाते हुए जब 'छक्के' के लिए गई गेंद
विश्व कप 2019 में शनिवार को कार्डिफ़ में इंग्लैंड और बांग्लादेश के बीच खेले गए मैच में इंग्लैंड ने बांग्लादेश को 106 रनों से ज़रूर हरा दिया लेकिन एक घटना ने खेल प्रेमियों का दिल जीत लिया.
इंग्लैंड के तेज़ गेंदबाज़ जोफ़्रा आर्चर की 143 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ़्तार से फेंकी गई गेंद बल्लेबाज़ की गिल्लियां उड़ाते हुए विकेटकीपर के ऊपर से सीमापार चली गई.
यह घटना चौथे ओवर की दूसरी गेंद पर हुई जब बांग्लादेशी क्रिकेटर सौम्य सरकार बल्लेबाज़ी कर रहे थे. सौम्य सरकार ने गेंद को डिफ़ेंड करने की कोशिश की लेकिन उसने उन्हें क्लीन बोल्ड कर दिया और वह सिर्फ़ दो रन बनाकर पवेलियन वापस लौट गए.
इसके अलावा आर्चर ने इसी मैच में टूर्नामेंट की सबसे तेज़ गेंद 153.04 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ़्तार से फेंकी.
वहीं, शुरुआत में बांग्लादेश ने टॉस जीतकर इंग्लैंड को पहले बल्लेबाज़ी के लिए बुलाया था. बांग्लादेश का पहला फ़ैसला ही उस पर भारी पड़ते दिखा.
रॉय और हसन की शतकीय पारी
जेसन रॉय की 153 रनों की बेहतरीन पारी की बदौलत इंग्लैंड ने बांग्लादेश को 387 रनों का लक्ष्य दिया था. इसके अलावा इंग्लैंड की ओर से जॉनी बेयरस्टो ने 51 रन और विकेटकीपर बल्लेबाज़ जोस बटलर ने 64 रनों की पारी खेली थी.
इसके लक्ष्य को पाने के लिए मैदान में उतरी बांग्लादेशी टीम ने पूरे मैच में अपना दमखम दिखाने की कोशिश की. लेकिन चौथे ओवर में जोफ़्रा आर्चर की उसी गेंद ने बांग्लादेश को पहला झटका दिया.
हालांकि, तीसरे नंबर पर खेलने उतरे शाकिब अल हसन ने शतक बनाते हुए शानदार 121 रनों की पारी खेली. शाकिब ने मुशफ़िकुर के साथ 106 रनों की शतकीय साझेदारी भी की लेकिन यह भी पहाड़ जैसे 387 रनों के लक्ष्य से पार नहीं पा पाई.
शाकिब को 40वें ओवर में बेन स्टोक्स को क्लीन बोल्ड किया. और आख़िरकार पूरी टीम 49वें ओवर की पांचवीं गेंद पर ऑलआउट हो गई.
ये भी पढ़ें:
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)